Jabalpur News: मारपीट के आरोप में बीजेपी नेता अजय दुबे फरार, साथी अगम पटेल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बताया कि घटना के बाद से संतोष यादव इस कदर डरा हुआ है कि उसने अपना मोबाइल बंद करने के बाद गांव को छोड़ दिया है।
Gwalior News

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बीजेपी नेता अजय दुबे का मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें बीजेपी नेता अपने साथी अगम पटेल के साथ मिलकर संतोष यादव नाम के युवक के साथ मारपीट कर रहे हैं। वहीं इस वायरल वीडियो के बाद बरेला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साथी अगम पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन बीजेपी नेता अजय दुबे को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। वह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

कांग्रेस ने एसपी ऑफिस का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

घटना को लेकर कांग्रेस ने एसपी ऑफिस का घेराव किया और ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द भाजपा नेता अजय दुबे को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो कांग्रेस बरेला में जाकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, लोकसभा प्रत्याशी दिनेश यादव के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार की शाम को एसपी ऑफिस पहुंचे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अजय दुबे को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सत्ता के नशे में चूर हो गए हैं भाजपा नेता

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा का कहना है कि जिस तरह से भाजपा के नेता अजय दुबे ने सत्ता के गुरुर में आकर एक गरीब व्यक्ति के साथ न सिर्फ जमकर मारपीट की बल्कि वीडियो भी बनाकर वायरल किया है। यह सब जाहिर करता है कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में इस कदर चूर हो गए हैं कि वह ना सिर्फ कानून को हाथ में ले रहे हैं बल्कि खुले आम लोगों के साथ मारपीट कर पुलिस से यह कहते हैं कि इसको आकर ले जाओ नहीं तो इसकी हत्या कर दी जाएगी।

जल्द होगी गिरफ्तारी

सौरभ शर्मा ने बताया कि घटना के बाद से संतोष यादव इस कदर डरा हुआ है कि उसने अपना मोबाइल बंद करने के बाद गांव को छोड़ दिया है। कांग्रेस नेता की शिकायत पर सीएसपी भगत सिंह गठोरिया का कहना है कि कांग्रेस नेता के द्वारा एक ज्ञापन और साथ में शिकायत पत्र दिया गया है, जिसमें अजय दुबे नाम के व्यक्ति का उल्लेख है। कांग्रेस ने कुछ वीडियो फुटेज भी दिए हैं। फुटेज के आधार पर एक व्यक्ति अगम पटेल की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि अजय दुबे की तलाश जारी है, जिसे जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews