जबलपुर: कांवड़ यात्रा में एयर गन फायरिंग के बाद जमकर मचा बवाल, पुलिस और युवकों के बीच हुई धक्का-मुक्की

जबलपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान युवकों और पुलिस के बीच विवाद देखने को मिला। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति को संभाल कर यात्रा को आगे बढ़ाया।
Jabalpur

जबलपुर में कांवड़ यात्रा में जमकर बवाल देखने को मिला। दरअसल, ये मामला वैसे तो शनिवार देर शाम का है लेकिन इसकी जानकारी अब सामने आई है। यहां नर्मदा जल लेकर जा रहे कुछ युवकों द्वारा एयर गन से फायरिंग की गई है।

फायरिंग किए जाने की वजह से हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। इसके बाद युवकों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति भी देखने को मिली। काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रहने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए यात्रा को रवाना किया।

युवक ने किया एयर गन फायर

घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आ रही है। उसके मुताबिक ग्वारीघाट से ओमती के लिए निकली कांवड़ यात्रा में भीमनगर क्षेत्र में कांवड़ियों में शामिल एक युवक की और से एयर गन फायरिंग की गई। जैसे ही फायर हुआ सुरक्षा और ट्रैफिक के संभालने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस जवान भीड़ के बीच पहुंचे और हवाई फायर करने वाले युवक से गन छीन ली। इसके बाद लड़कों ने विवाद करना शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर कर उनसे बंदूक छीनने की कोशिश भी की।

पुलिस और युवकों के बीच गहमागहमी

जब पुलिस ने एयर गन छीन ली उसके बाद यात्रा में चल रहे लड़कों ने विवाद करना शुरू कर दिया। पुलिस और युवकों के बीच जमकर बहस हुई। देखते ही देखते बहसबाजी धक्का मुक्की में बदल गई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हंगामा शांत किया, जिसके बाद कांवड़ यात्रा आगे रवाना हुई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करने की बात कही है।

इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा आस्था, भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है। इसमें इस तरह से हथियारों का प्रदर्शन करना या फायरिंग करना कैसे उचित हो सकता है। ऐसे में छोटी सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews