
Jabalpur farmer cheated
जबलपुर के पाटन इलाके में एक किसान को ज्वेलर्स ने 40 लाख का चूना लगा दिया। चांदी के भाव में तेजी आने का लालच देकर जबलपुर के सर्राफा व्यापारी विनोद सोनी ने धमना गांव के किसान मनोज पांडे को निवेश का लालच दिया।
ज्वेलर्स की बातों में आकर किसान ने बेच दी जमीन
जिसके बाद किसान मनोज पांडे ने अपनी जमीन गिरवी रखकर और इधर-उधर से 40 लाख रुपए इकट्ठा किया और विनोद सोनी के कहने पर चांदी में निवेश कर दिया। लेकिन लंबा समय बीतने के बाद ना तो उसे कोई उसमें फायदा मिला और ना ही उसे उसका निवेश किया गया पैसा मिला। मनोज पांडे ने कई बार विनोद सोनी से अपना पैसा वापस मांगा लेकिन उसे विनोद सोनी के द्वारा ना तो किसी प्रकार का लाभ दिया गया और ना ही उसके पैसे वापस किए गए, इसके बाद परेशान होकर मनोज पांडे ने विनोद सोनी के खिलाफ पाटन थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पाटन पुलिस ने बालाजी ज्वेलर्स के संचालक विनोद सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, आरोपी जबलपुर के सर्राफा इलाके का रहने वाला है और वहां पर अपनी दुकान संचालित करता है उसने मनोज पांडे को लालच दिया था कि यदि वह चांदी खरीदी करें तो उसे एक बड़ा फायदा हो सकता है लेकिन इसके बाद उसे ना तो कोई फायदा हुआ और ना ही उसके पैसे वापस मिले। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
