जबलपुर पुलिस ने खितौला (सिहोरा) स्थित इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त 2025 को हुई सनसनीखेज डकैती के एक और बड़े आरोपी को बिहार से दबोच लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम सोमवार को छोटू उर्फ सरमन मेहतो निवासी मयरा, इमामगंज, जिला गया, बिहार को गिरफ्तार कर जबलपुर लेकर पहुंची। आरोपी के पास से करीब 350 ग्राम सोने के जेवर और एक देशी पिस्टल बरामद हुई है, जिसकी कीमत 60 लाख रुपए बताई जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक 13 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है, जबकि शेष की तलाश जारी है।
डकैती के मास्टरमाइंड सुनील पासवान का सारा लूटा हुआ सामान सरमन मेहतो ही अपने पास रखता था। उसका काम था कि वह लूट के सोने को बाजार में बदल कर बेचता रहे। हालांकि, पुलिस को अभी भी इस डकैती कांड में 7 किलो 800 ग्राम सोना जब्त करना बाकी है। करोड़ों रुपए का सोना अभी भी गायब होने के कारण मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम अभी भी बिहार में डेरा डाले हुए है।
जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी सुनील पासवान ने बैंक से लूटे गए सोने और नकदी को कई कामों में निवेश किया है। उसने इस रकम से प्रॉपर्टी भी बनाई है। इस संपत्ति को कुर्क करने के लिए पुलिस ने कोर्ट में प्रतिवेदन दिया है। माना जा रहा है कि जल्द ही सुनील पासवान की यह सारी संपत्ति शासन के अधीन हो जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 11 अगस्त 2025 को इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में पांच अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला था। डकैत बैंक से 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जबलपुर पुलिस को डकैतों की तलाश और पतासाजी के लिए सख्त निर्देश दिए थे।
पुलिस ने 15 जुलाई को मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस की गहन पड़ताल के बाद 15 जुलाई 2026 को बैंक डकैती के मुख्य आरोपी सुनील पासवान पिता नरेश पासवान निवासी ग्राम बनाही, थाना आमस, जिला गया, बिहार को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने के बाद थाना प्रभारी खितौला चंद्रकांत झा के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और थाना खितौला की टीम ने आरोपी से सघन पूछताछ की। पूछताछ में सुनील पासवान ने बताया कि डकैती के बाद उसके हिस्से में आए सोने के आभूषणों को उसने अपने साथी छोटू उर्फ सरमन मेहतो पिता राजकुमार प्रसाद निवासी ग्राम मयरा, थाना इमामगंज, जिला गया, बिहार की मदद से धीरे-धीरे बेचा था। बचा हुआ सोना भी छोटू मेहतो के पास ही रखा होना उसने कबूल किया।
सुनील पासवान की निशानदेही पर जबलपुर पुलिस उसे साथ लेकर बिहार पहुंची। वहां एसडीएफ बिहार की सहायता से आरोपी छोटू उर्फ सरमन मेहतो (23 वर्ष) को शेरघाटी, जिला गया, बिहार से धर दबोचा गया। सघन पूछताछ के दौरान छोटू मेहतो ने पहले तो इस शर्त पर जुर्म कबूल किया कि उसे आरोपी न बनाया जाए। उसने पुलिस को बताया कि लूटे गए धन का बचा हुआ सोना आरोपी सुनील पासवान ने अपने गांव बनाही में शिव मंदिर के पास अपने खेत में छिपा कर रखा था।
13वें आरोपी के पास से सोने के जेवर बरामद
पुलिस तत्काल आरोपी के बताए स्थान पर पहुंची। आरोपी छोटू उर्फ सरमन मेहतो के कब्जे से 350 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत करीबन 60 लाख रुपये है, जब्त किए गए। साथ ही आरोपी सुनील पासवान से घटना में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल भी बरामद की गई। छोटू उर्फ सरमन मेहतो की पुलिस रिमांड प्राप्त करते हुए दोनों आरोपियों को जब्त आभूषणों और घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल सहित जबलपुर लाया गया है। आगे की जांच और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।






