
Lokayukta Police Jabalpur Action : जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन दमोह नाका कृषि उपज मंडी में पदस्थ रीजनल मैनेजर संदीप बिसरिया को आज 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायत वेयरहाउस मालिक अमित सिंह ठाकुर ग्राम पुरवा पटपारा थाना बरेला निवासी ने की है। लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबड़े ने कार्यवाही करते हुए बताया कि रीजनल मैनेजर संदीप बिसारिया ने कार्यालय परिसर में स्थित शासकीय आवास पर आज जैसे ही रिश्वत के रुपए लिए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक 26 जुलाई 2023 को आवेदक अमित सिंह ठाकुर ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय जबलपुर में लिखित शिकायत की थी। अमित ने बताया कि वह वेयरहाउस व्यवसाई है। वेयरहाउस आवेदक की मां के नाम पर है जिसके समस्त लेनदेन का कार्य वह करता है। अमित को वेयरहाउस का भंडारण किराया दो साल से नहीं दिया गया है। जिसके लिए वह लगातार रीजनल ऑफिस के चक्कर भी काट रहा था।
अमित सिंह ठाकुर ने कहा कि उसने रीजनल मैनेजर संदीप बिसारिया से वेयरहाउस के किराए को लेकर मुलाकात की तो संदीप बिसारिया के द्वारा प्रतिमाह 10000 रुपए की मांग की गई। अमित सिंह ठाकुर के मुताबिक बीते 3 महीनों से हर माह 10000 रुपए संदीप बिसरिया को दे रहा है इसके बावजूद भी उसे वेयरहाउस का किराया नहीं मिला। थक हारकर अमित ने बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त एसपी संजय साहू से शिकायत की। जिसके बाद आज उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरबड़े, निरीक्षक भूपेन दीवान एवं स्वप्निल दास के साथ उनकी टीम ने छापा मारकर रीजनल मैनेजर को रंगे हाथ पकड़ लिया।
[dgv_vimeo_video id=”849009842″]
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

