स्पा सेंटर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, छोटे-छोटे केबिन में मिले युवक-युवतियां, 4 सेंटर को किया सील

जबलपुर में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई देखी गई है। दरअसल 4 स्पा और कैफे की जांच के दौरान छोटे छोटे केबिन में युवक-युवतियां मिले। इस दौरान कई दस्तावेज भी जब्त किए गए है और नियमों के उल्लंघन पर सेंटर सील किए गए।
स्पा सेंटर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, छोटे-छोटे केबिन में मिले युवक-युवतियां, 4 सेंटर को किया सील

मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार शाम पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कैफे और स्पा सेंटर्स पर बड़ी छापेमार कार्रवाई की। दरअसल शहर के अलग-अलग इलाकों में 4 कैफे और स्पा सेंटरों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कई छोटे-छोटे केबिन में युवक-युवतियां मिले। पुलिस के अनुसार, एक स्पा सेंटर में बाहर से ताला लगाकर लोगों को अंदर रखा गया था। टीम ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया। नियमों के उल्लंघन मिलने पर कई सेंटरों को सील करने की कार्रवाई की गई।

इन इलाकों में हुई कार्रवाई

दरअसल पुलिस ने नगर निगम की टीम के साथ नेपियर टाउन, राइट टाउन, इनकम टैक्स चौराहा और गोहलपुर क्षेत्र में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे।

सीसीटीवी में पुलिस को देखकर भागे कुछ लोग

वहीं पुलिस के अनुसार, राइट टाउन स्थित एक स्पा सेंटर में मौजूद कुछ युवक-युवतियां सीसीटीवी में पुलिस टीम को देखकर पीछे के रास्ते से निकल गए। मौके से रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है।

लाइसेंस की भी हुई जांच

नगर निगम की टीम ने स्पा सेंटर और कैफे के ट्रेड लाइसेंस और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की भी जांच की। जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन मिला, उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

SP के निर्देश पर चला अभियान

दरअसल यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल सहित नगर निगम की टीम शामिल रही।

ASP ने क्या कहा?

एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि मुखबिर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों, विशेषकर विजयनगर और गोहलपुर में संचालित स्पा सेंटरों की भी जांच जारी है। यदि कहीं नियमों का उल्लंघन या अवैध संचालन पाया जाता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews