
बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने स्टेनोग्राफर पदों पर बंपर भर्ती (BSSC Recruitment 2025) निकाली है। जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार 24 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आधिकारिक वेबसाइट http://bssc.bihar.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। हालांकि इससे पहले पात्रता, एप्लीकेशन फीस, सिलेक्शन प्रोसेस और अन्य जानकारी होना जरूरी है। जिसके लिए सभी उम्मीदवारों को अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी जाती है। बता दें कि इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 5 नवंबर थी, जिसे बढ़ाकर 24 नवंबर कर दिया गया है। वहीं फीस भुगतान की तारीख 3 नवंबर से बदलकर 21 नवंबर कर दी गई है।
रिक्त पदों की संख्या कुल 432 है। जिसमें से 35% आरक्षण के तहत महिलाओं के लिए 73 पद रिजर्व किए गए हैं। अनारक्षित अनारक्षित पुरुष उम्मीदवारों के लिए 150 और महिलाओं के लिए 41 पद खाली हैं। अनुसूचित जाति के लिए रिक्त पदों की संख्या 111 है। अनुसूचित जनजाति के लिए 9, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 93, पिछड़ा वर्ग के लिए 51 और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 9 पद खाली जैन। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए रिक्त पदों की संख्या 42 है। आवेदन शुल्क 100 रुपये है।
कौन भर सकता है फॉर्म?
उम्मीदवारों का 12वीं या इंटरमीडिएट पास या समकक्ष होना अनिवार्य है। इसके अलावा हिंदी या इंग्लिश में शॉर्टहैंड, टाइपिंग और कंप्यूटर में दक्ष होना भी जरूरी है। निर्धारित आयु सीमा 1 अगस्त 2025 तक कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। अनारक्षित पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष तय की गई है।
आरक्षित महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है। पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है। एसटी/एससी के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष है। पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा में तीन सेक्शन शामिल होंगे, जिसमें सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान और मानसिक क्षमता जांच से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें चयनित उम्मीदवारों को स्किल टेस्ट के लिए आमंत्रित किया जाएगा। लिखित परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर चार अंक मिलेंगे। गलत उत्तर पर एक अंक की कटौती की जाएगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटा 15 मिनट होगी। इंग्लिश और हिंदी दोनों माध्यमों में प्रश्न पत्र उपलब्ध होंगे। नियुक्ति के बाद उम्मीदवारों को 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।

