सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने निकाली 350 पदों पर भर्ती, आवेदन शुरू, जानें पात्रता और चयन प्रक्रिया 

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 300 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए एप्लिकेशन लिंक एक्टिव कर दिया है। युवाओं के लिए यह अच्छा मौका साबित हो सकता है। आइए जानें कौन और कैसे फॉर्म भर सकते हैं?
CBI recruitment 2026

पब्लिक सेक्टर के सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया ने फॉरन एक्सचेंज ऑफिसर (स्केल 3) और मार्केटिंग ऑफिसर (स्केल-1) पदों पर भर्ती (CBI Recruitment 2026) निकाली है। जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 20 जनवरी मंगलवार से शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आईबीपीएस के आधिकारिक वेबसाइट http://ibpsreg.ibps.in पर जाकर 3 फरवरी 2026 तक अप्लाई कर सकते हैं। इससे पहले पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य जानकारी होनी चाहिए। जिसके लिए आधिकारिक अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी जाती है।

रिक्त पदों की संख्या कुल 350 है। मार्केटिंग ऑफिसर के लिए 300 और फॉरन एक्सचेंज ऑफिसर के लिए 50 पद खाली हैं। जनरल के लिए 144, ईडब्ल्यूएस के लिए 35, ओबीसी के लिए 94, एसटी के लिए 25 और एससी के लिए 52 पद रिजर्व किए गए हैं। बाकी पद दिव्यांग जनों के लिए खाली हैं। फॉर्म भरने के लिए एससी/एसटी/PwBD/महिला उम्मीदवारों को 175 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं अन्य के लिए एप्लीकेशन फीस 850 रुपये है।

कौन भर सकता है फॉर्म?

दोनों पदों के लिए पात्रता अलग-अलग निर्धारित की गई है। फॉरन एक्सचेंज ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। CFA/CA और संबंधित क्षेत्र में एमबीए की योग्यता वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा इंस्टिट्यूट ऑफ बैंकिंग एंड फाइनेंस द्वारा जारी फॉरन एक्सचेंज ऑपरेशन में सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। संबंधित क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है। न्यूनतम आयु सीमा 25 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष है।

मार्केटिंग ऑफिसर (जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड-1) के लिए उम्मीदवारों के पास ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ-साथ 2 वर्षीय  एमबीए या बिजनेस एनालिटिक्स/बिजनेस मैनेजमेंट/प्रोग्राम इन मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा की योग्यता होनी चाहिए। संबंधित क्षेत्र में दो वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है। न्यूनतम आयु सीमा 22 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष है।

ऐसे होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। स्ट्रीम या कैटेगरी से संबंधित 70 प्रश्न पूछे जाएंगे। बैंकिंग, अर्थव्यवस्था और जनरल अवेयरनेस से संबंधित 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसकी अवधि 60 मिनट होगी। गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी नहीं होगा।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews