
इंस्टिट्यूट ऑफ़ बैंकिंग पर्सोनेल ने आईबीपीएस क्लर्क यानि कस्टमर सर्विस एसोसिएट पदों पर भर्ती (IBPS Clerk 2025) के लिए शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया है। जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होने वाली है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर पाएंगे। अंतिम तारीख 21 अगस्त 2025 है। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी गई है। हालांकि रिक्त पदों की संख्या का खुलासा अब तक आईबीपीएस ने नहीं किया है।
जानकारी के लिए बता दे कि पिछले साल 6128 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। वहीं 2023 में 4545, 2022 में 6035 और 2021 में 7855 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। 2020 में 2557 और 2019 में 12075 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। डिटेल नोटिफिकेशन जल्द ही ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। इसे पढ़ने के बाद ही फॉर्म भरने की सलाह कैंडिडेट को दी जाती है, जिसमें पात्रता, चयन प्रक्रिया, वैकेंसी और अन्य जानकारी इसमें विस्तार में उपलब्ध होगी।
उम्मीदवारों की नियुक्ति बैंक ऑफ़ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ़ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया, बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक में होगी।
ऐसे होगा सेलेक्शन
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट के आधार पर होगा। प्रीलिम्स 4, 5 और 11 अक्टूबर को देश भर के विभिन्न शहरों में आयोजित किया जाएगा। वहीं मुख्य परीक्षा 29 नवंबर को होगी। सितंबर 2025 में प्रवेश पत्र जारी हो सकते हैं। वहीं प्री एग्जाम ट्रेनिंग 20 सितंबर में ही आयोजित की जाएगी। अपडेट के लिए ऑफिशियल वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।
कौन भर सकता है फॉर्म?
आईबीपीएस क्लर्क के लिए किसी भी क्षेत्र में ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कंप्यूटर सिस्टम में ऑपरेटिंग और वर्किंग नॉलेज भी होना चाहिए। इसके अलावा संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की आधिकारिक भाषा का ज्ञान भी होना चाहिए। निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष है। एससी/एसटी को 5 वर्ष, ओबीसी एनसीएल को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूडी कैटेगरी की उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट www.ibps.in पर जाएं।
- होम पेज पर “आईबीपीएस क्लर्क 2025 ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन” के लिंक पर क्लिक करें।
- फोन नंबर, ईमेल आईडी और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करके पंजीकरण करें।
- पंजीकरण होने के बाद रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड आपको प्राप्त होगा।
- जिसके जरिए लॉग इन करें। आवेदन पत्र को अच्छे से भरें।
- जरूरी दस्तावेज, फोटो, हस्ताक्षर इत्यादि अपनी सही साइज और फॉर्मेट में अपलोड करें।
- फीस का भुगतान करें और फॉर्म जमा करें।
- भविष्य के संदर्भ में उम्मीदवार इसका प्रिंट आउट निकाल कर अपने पास रख सकते हैं।

