MP Breaking News

MP Police Recruitment 2026: कांस्टेबल के 7500 पदों पर निकली भर्ती, 22 सितंबर से आवेदन शुरू, जानें योग्यता, उम्र और परीक्षा पैटर्न

मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक GD भर्ती 2026 की नियमपुस्तिका जारी हो चुकी है। विशेष सशस्त्र बल के 700 समेत कुल 7500 पद खाली हैं। 6 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। 19 नवंबर से लिखित परीक्षा शुरू होगी।
mp police constable recruitment

मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (GD) भर्ती परीक्षा 2026 के लिए नियमपुस्तिका जारी कर दी गई है। इस बार कुल 7500 पदों पर भर्ती होगी। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB), भोपाल के जरिए होने वाली इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर से शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 रहेगी।

भर्ती में विशेष सशस्त्र बल और अन्य आरक्षक GD के पद शामिल हैं। लिखित परीक्षा 19 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षण से गुजरना होगा।

7500 पदों में किसके लिए कितनी जगह?

आरक्षक GD के कुल पदों को दो हिस्सों में बांटा गया है। विशेष सशस्त्र बल में 700 पद रखे गए हैं और इन पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर आरक्षक GD के 6800 पद हैं। इनमें महिला उम्मीदवारों के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।

22 सितंबर से आवेदन, 19 नवंबर से परीक्षा

ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। फॉर्म भरने के बाद किसी गलती को सुधारने के लिए उम्मीदवारों को 11 अक्टूबर तक का समय मिलेगा। लिखित परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होगी।

कितना देना होगा परीक्षा शुल्क?

अनारक्षित उम्मीदवारों के लिए मंडल परीक्षा शुल्क 500 रुपये है। मध्य प्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC और EWS उम्मीदवारों के लिए यह 250 रुपये रहेगा। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग का परीक्षा शुल्क भी देना होगा। यह अनारक्षित वर्ग के लिए 200 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपये निर्धारित है।

8वीं पास भी कर सकेंगे आवेदन

शैक्षणिक योग्यता में वर्ग के अनुसार अलग प्रावधान किया गया है। अनारक्षित, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। वहीं अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए 8वीं पास शैक्षणिक योग्यता रखी गई है।

उम्र कितनी होनी चाहिए?

आयु की गणना 6 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी और न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। मध्य प्रदेश के अनारक्षित पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष है।आरक्षित वर्ग के पुरुष उम्मीदवार 38 वर्ष तक आवेदन कर सकेंगे। सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों के लिए भी अधिकतम आयु 38 वर्ष रहेगी। मध्य प्रदेश के बाहर के उम्मीदवार केवल अनारक्षित वर्ग में आवेदन कर सकेंगे और उनके लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष होगी।

100 सवाल, 2 घंटे और निगेटिव मार्किंग नहीं

पहले चरण में लिखित परीक्षा होगी। हिंदी भाषा में होने वाली इस परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और इन्हें हल करने के लिए 2 घंटे मिलेंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा। पेपर में सामान्य ज्ञान एवं तार्किक ज्ञान के 40 अंक, बौद्धिक क्षमता एवं मानसिक अभिरुचि के 30 अंक और विज्ञान एवं सरल अंक गणित के 30 अंक के प्रश्न होंगे।

लिखित परीक्षा के बाद दिखानी होगी शारीरिक क्षमता

पहले चरण में सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षण देना होगा। इसमें 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक शामिल रहेगा। शारीरिक दक्षता परीक्षण में कम से कम 30 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। 800 मीटर दौड़ के लिए एक मौका मिलेगा, जबकि लंबी कूद और गोला फेंक में उम्मीदवारों को तीन-तीन अवसर दिए जाएंगे।

भर्ती में इस तरह मिलेगा आरक्षण

आरक्षक भर्ती में अनुसूचित जाति के लिए 16 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 20 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत और EWS के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इसके अलावा होमगार्ड सैनिकों को 15 प्रतिशत और भूतपूर्व सैनिकों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा।

गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग

भर्ती की नियमपुस्तिका में चयन के बाद की पोस्टिंग को लेकर भी महत्वपूर्ण शर्त है। चयनित उम्मीदवारों को उनके गृह जिले में पदस्थ नहीं किया जाएगा। जिस इकाई में नियुक्ति मिलेगी, वहां कम से कम पांच साल सेवा करनी होगी।

आवेदन के लिए आधार पंजीयन अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन भी होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले कर्मचारी चयन मंडल की पूरी नियमपुस्तिका ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey
Follow Us :GoogleNews
MP Police Recruitment 2026: कांस्टेबल के 7500 पदों पर निकली भर्ती, 22 सितंबर से आवेदन शुरू, जानें योग्यता, उम्र और परीक्षा पैटर्न