
MPESB Bhopal
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने समूह-3 के अंतर्गत उपयंत्री, मानचित्रकार, प्रयोगशाला तकनीशियन एवं अन्य समकक्ष पदों की संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 (द्वितीय) को लेकर एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। मंडल द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा पदों की संख्या में वृद्धि कर संशोधित आरक्षण तालिका उपलब्ध कराई गई है।
साथ ही कार्यालय प्रमुख अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) भोपाल द्वारा भी संविदाकर्मियों के आरक्षण को लागू करते हुए एक संशोधित आरक्षण सूची जारी की गई है। इन बदलावों के बाद अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने आवेदन करने का एक और मौका देने का फैसला किया है।
नोटिस के मुताबिक, अभ्यर्थी अब 13 अक्टूबर 2026 से 27 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर 2026 है। परीक्षा का आयोजन दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है। हालांकि, परीक्षा की निश्चित तारीख अभी अलग से जारी की जाएगी। पूर्व में यह परीक्षा 7 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित थी।
कर्मचारी चयन मंडल ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि इस भर्ती से जुड़ी विस्तृत और संशोधित नियमपुस्तिका (Rulebook) जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी, जिसके आधार पर अभ्यर्थी अपने फॉर्म भर सकेंगे और आवश्यक सुधार कर सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।
बता दें कि मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने 18 अगस्त 2026 को समूह-3 के तहत उपयंत्री, मानचित्रकार और अन्य समकक्ष पदों पर संयुक्त भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था। इसके तहत कुल 1040 पदों पर भर्ती प्रस्तावित थी और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 29 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक चलनी थी, लेकिन विज्ञापन जारी होने के बाद विभिन्न विभागों और शासकीय उपक्रमों की ओर से उपयंत्रियों के रिक्त पदों को भर्ती में शामिल करने की अतिरिक्त मांग की गई थी, जिसके चलते पहले घोषित 1040 पदों के मुकाबले रिक्तियों की संख्या बढ़ने की स्थिति बनी, ऐसे में मंडल ने स्थिति को समझते हुए मौजूदा परीक्षा और उससे जुड़ी प्रक्रिया को निरस्त कर दिया लेकिन रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने अब मंडल ने नए सिरे से भर्ती विज्ञापन और परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 13 अक्टूबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख: 27 अक्टूबर 2026
- आवेदन में संशोधन शुरू: 13 अक्टूबर 2026
- आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख: 28 अक्टूबर 2026

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

