
पंजाब एंड सिंध बैंक ने लोकल बैंक ऑफिसर पदों पर भर्ती (PSB Recruitment 2025) के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार 4 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट punjabandsindbank.co.in विजिट करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख भी यही है। फॉर्म भरने से पहले सभी कैंडिडेट्स को अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी जाती है। इसमें आवेदन प्रक्रिया, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जानकारी डिटेल में दी गई है।
रिक्त पदों की संख्या कुल 750 है। छत्तीसगढ़ में 40, आंध्र प्रदेश में 80, गुजरात में 100, हिमाचल प्रदेश में 30, झारखंड में 35, कर्नाटक में 65, महाराष्ट्र में 100, ओडिशा में 85, पुंडुचेरी में पांच, पंजाब में 60, तमिलनाडु में 85, तेलंगाना में 50 और असम में 15 पद खाली हैं। जनरल के लिए 322, ईडब्ल्यूएस के लिए 72, ओबीसी के लिए 197, एसटी के लिए 51 और एससी के लिए 108 पद रिजर्व किए गए हैं।
कितनी है फीस?
एलबीयू पदों पर आवेदन करने के लिए जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों को 800 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी कैंडिडेट के लिए एप्लीकेशन फीस 100 रुपये है। इसके अलावा टैक्स और पेमेंट गेटवे चार्जेस का भुगतान भी करना होगा।
क्या है योग्यता और आयु सीमा?
शैक्षणिक योग्यता:- आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से किसी भी क्षेत्र में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा किसी पब्लिक सेक्टर बैंक या रीजनल रूरल बैंक में रेगुलर बेसिस पर ऑफिसर कैडर में 18 महीने का वर्क एक्सपीरियंस होना भी जरूरी है।
आयु सीमा:- निर्धारित आयु सीमा 1 अगस्त 2025 तक कम से कम 20 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष है। आवेदक की जन्म तिथि 2 अगस्त 1995 और 1 अगस्त को 2005 के बीच होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया और वेतन
कैंडीडेट्स का सेलेक्शन लिखित परीक्षा, स्क्रीनिंग, पर्सनल इंटरव्यू, फाइनल मेरिट लिस्ट और लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा कुल 120 अंक की होगी। 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 120 मिनट होगी। इसका माध्यम इंग्लिश और हिंदी होगा। नियुक्ति के बाद 48,800 रुपये से लेकर 85,920 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।

