RRB ग्रुप-D भर्ती 2026 पर बड़ी अपडेट, आवेदन की तारीख बदली, अहम नोटिस जारी 

आरआरबी ग्रुप-डी भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट आई है। आवेदन प्रक्रिया को स्थगित किया गया है। रेलवे ने नोटिस भी जारी किया है। आइए जानें अब उम्मीदवार कब और कैसे फॉर्म भर सकते हैं?
RRB Group D 2026

आरआरबी ग्रुप-डी भर्ती (RRB Group D) को लेकर रेलवे भर्ती बोर्ड ने 19 जनवरी को महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। जिसके मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार आरआरबी के किसी भी क्षेत्रीय वेबसाइट (जैसे कि https://rrbbhopal.gov.in/) पर जाकर 2 मार्च 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। इससे पहले आवेदन की तारीख 21 जनवरी से लेकर 20 फरवरी 2026 थी।

आरआरबी लेवल 1 का शॉर्ट नोटिस 27 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था। जिसके मुताबिक कुल 22000 पदों पर भर्ती होने वाली है। असिस्टेंट (ट्रैक मशीन), असिस्टेंट (ब्रिज), ट्रैक मेंटेनर ग्रुप 4, असिस्टेंट (पी-वे), असिस्टेंट (टीआरडी), असिस्टेंट लोको शेड (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट ऑपरेशंस और पॉइंट्समैन बी समेत अन्य पदों पर नियुक्ति होगी। डिटेल नोटिफिकेशन “CEN 09/2025” जल्द जारी होगा।

जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार ऑनलाइन डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?

आरआरबी ग्रुप डी परीक्षा के लिए दसवीं पास या आईटीआई या समकक्ष या नेशनल अप्रेंटिशिप सर्टिफिकेट होल्डर आवेदन कर सकते हैं। 1 जनवरी 2026 तक न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित कैटेगरी के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया 

उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट, फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर होगा। सीबीटी परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। प्रश्नों की संख्या भी 100 होगी। इसकी अवधि 90 मिनट होगी। 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी होगा। प्रश्न पत्र 4 सेक्शन में विभाजित होगा। जनरल साइंस और गणित से संबंधित 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग से संबंधित 30 और जनरल अवेयरनेस एंड करंट अफेयर्स से संबंधित 20 प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा हिंदी, इंग्लिश और 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित की जाएगी।

इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत 

  • स्कैन किए गए पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और हस्ताक्षर
  • सरकार द्वारा जारी आईडी प्रूफ (जैसे कि आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड इत्यादि)
  • कक्षा दसवीं या आईटीआई सर्टिफिकेट
  • जाति प्रमाण पत्र
  • PwD सर्टिफिकेट

ऐसे करें आवेदन 

  1. सबसे पहले आरआरबी के आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  2. होमपेज पर CEN 09/2025 लेवल 1 के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।
  3. जरूरी जानकारी दर्ज करके पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।
  4. रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें।
  5. फोटोग्राफ, हस्ताक्षर और दस्तावेजों को अपलोड करें। शुल्क का भुगतान करें।
  6. आवेदन पत्र को जमा करें।
  7. कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें।
Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews