CGPSC: सूबेदार SI-प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा 2024 की तारीख बदली, अब नवंबर में होगी, शिक्षक भर्ती परीक्षा से टकरा रही थी डेट

CGPSC Police Main Exam 2024 :मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है। शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती परीक्षा की तिथियां टकराने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी के बाद यह फैसला लिया गया है।
CGPSC: सूबेदार SI-प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा 2024 की तारीख बदली, अब नवंबर में होगी, शिक्षक भर्ती परीक्षा से टकरा रही थी डेट

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया है। अब यह परीक्षा 2 से 4 नवम्बर के बीच आयोजित होगी । पहले इस परीक्षा की संभावित तारीख 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 रखी गई थी, लेकिन शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती परीक्षा की तिथियां से टकराने के साथ अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर तिथियां में बदलाव किया गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के युवाओं के हित में संवेदनशील निर्णय लेते हुए शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तिथियां एक साथ होने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी का संज्ञान लिया। साथ ही अधिकारियों को परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव के निर्देश दिए थे। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं।

पहले अक्टूबर में होनी थी परीक्षा, अब नवंबर में होगी

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 04 अगस्त 2026 को जारी किया गया था।

मुख्य परीक्षा के आयोजन के लिए 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं। इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तिथियों में टकराव की स्थिति बन गई थी। इससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।

इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तिथियों में परिवर्तन किया गया है। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवम्बर 2026 को किया जाएगा। इस भर्ती के माध्यम से 341 पदों को भरा जाना है। CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से आयोग की वेबसाइट का नजर बनाए रखने को कहा गया है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews