
Katni News : मध्य प्रदेश के कटनी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां जबलपुर और भोपाल के आयकर विभाग के सैकड़ों अधिकारियों की टीम ने अनिल इंडस्ट्रीज सहित कई बड़े व्यापारियों के बहुत से ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। बता दें कि यह सभी व्यापारी दाल मिल और चावल मिल का व्यापार करते हैं। जिनमें से एक सबसे बड़ा व्यापार करने वाले अनिल इंडस्ट्रीज के तीन भाइयों के घरों और उनके अन्य ठिकानों पर कार्रवाई की गई है। इससे पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने आज सुबह-सुबह सभी जगहों पर दबिश देते हुए कागजातों को खंगालना शुरू कर दिया है।
पहुंचे 100 से ज्यादा अधिकारी
बता दें कि आज सुबह करीब 50 से ज्यादा लग्जरी कारों से जबलपुर भोपाल के अधिकारियों के दल पहुंची और माधवनगर की प्रतिष्ठित फर्म अनिल इंडस्ट्रीज के अलावा कई बड़े व्यापारियों के ठिकानों व उनके घरों पर छापा मारा। इसके अलावा, टीम द्वारा मिल सहित अनिल के निरंकारी भवन के सामने स्थित बंगलों में भी जांच-पड़ताल कर रही है। बता दें कि इनकम टैक्स दल के साथ पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
2 दिनों तक जांच चलने का अनुमान
मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग को सूचना मिली थी अनिल इंडस्ट्रीज और कई बड़े व्यापारी टैक्स चोरी कर रहे हैं। जिसपर कार्रवाई करते हुए आज सुबह इनके कई ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की गई। बता दें कि अनिल इंडस्ट्रीज उद्योग में जिले का एक उभरता नाम है। हालांकि, पिछले कई दिनों से यह इनकम टैक्स विभाग के निशाने पर था। दरअसल, इन बड़े व्यापारियों पर अरबों के कर चोरी की आशंकाएं जताई जा रही है। वहीं, करीब 2 दिनों तक जांच चलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

