वन मंत्री ने किया पेयजल योजना का भूमिपूजन, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का लोकार्पण

वन मंत्री ने किया पेयजल योजना का भूमिपूजन, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का लोकार्पण

खण्डवा, सुशील विधानी। प्रदेश के वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने सोमवार को हरसूद विकासखण्ड के ग्राम भराड़ी रैयत में जल जीवन मिशन के तहत 1.09 करोड़ रूपये लागत की ग्रामीण नल जल योजना के निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 3.43-3.43 लाख रूपये लागत के 16 सामुदायिक स्वच्छता परिसर भवनों का लोकार्पण भी किया।

इस कार्यक्रम में वन मंत्री ने दिव्यांगजनों को सामाजिक न्याय विभाग की ओर से कृत्रिम अंग व उपकरण भी प्रदान किए। उन्होंने स्व. देवीशाह स्मृति न्यास की ओर से दिव्यांगजनों को गर्म कपड़े भी वितरित किए। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ किया गया। वन मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने ग्राम भराड़ी से बैलवाड़ी तक 80 लाख रूपये लागत की सड़क हाल ही में स्वीकृत करवाई है, जिससे यहां के ग्रामीणों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2024 तक देश के सभी ग्रामों में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत गांव में पेयजल टंकी व पाइप लाइन के माध्यम से घर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जायेगा। इस अवसर पर हरसूद एसडीएम डॉ. परीक्षित झाडे व हरसूद विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।

वन मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के लिए हितैषी सरकार है। सरकार ने किसानों को फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं में भरपूर सहायता उपलब्ध कराई है। किसानों को सहकारी बैंकों द्वारा शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाता है। सरकार ने प्राकृतिक आपदा से पीडि़त किसानों को पहले से अधिक दर पर राजस्व पुस्तक परिपत्र के संशोधित प्रावधानों के तहत राहत राशि दिए जाने का प्रावधान किया है।

इन हितग्राहियों को दी गई मदद
वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने संबल योजना के तहत हितग्राही प्रहलाद रामसिंह, बनी बाई पति बाबू, शीला बाई पति गोपाल को 2-2 लाख रूपये की सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने संबल योजना के तहत क्षमा बाई पति रामाधार निवासी कसरावद को 4 लाख रूपये की मदद का स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ग्राम बैलवाड़ी के मनोज लोवंशी, माण्डला के राकेश, ग्राम बोथिया के रमन, सडि़यापानी के आत्माराम व ग्राम उन्डेल के असीम खान को 10-10 हजार रूपये की सहायता प्रदान की। वन मंत्री डॉ. शाह ने श्री अशोक मीणा, शांतिलाल यादव, ललिता प्रजापति, गीता बाई व ओमप्रकाश को आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड भी प्रदान किए। इसके अलावा कुल 8 स्वसहायता समूहों को 1-1 लाख रूपये की कैश क्रेडिट लिमिट की स्वीकृति पत्र वन मंत्री डॉ. शाह ने प्रदान किए, इनमें वंदना स्वसहायता समूह, भारत स्वसहायता समूह, गणपति स्वसहायता समूह, संत सिंगाजी स्वसहायता समूह, राम रहिम स्वसहायता समूह, श्रीकृष्णा स्वसहायता समूह एवं शक्ति स्वसहायता समूह शामिल है।

इन 16 सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का हुआ लोकार्पण
वन मंत्री ने ग्राम भराड़ी रैयत में आयेाजित कार्यक्रम में 16 सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का लोकार्पण किया, कुल 3.43-3.43 लाख रूपये लागत के ये सामुदायिक स्वच्छता परिसर जिन ग्रामों में निर्मित किए गए है, उनमें ग्राम रेवापुर, झुम्मरखाली, सडि़यापानी पुरानी आबादी, बरूड़, दगड़खेड़ी, भराड़ी, धारूखेड़ी, चारखेड़ा, मोजवाड़ी माल, बोरी सराय, बोथिया खुर्द, ग्राम भवानिया, निपानियामाल, सैल्दामाल, बरूड़ माल, माण्डला व सडियापानी सरकार शामिल है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews