
उज्जैन की महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। इस महापर्व से पहले गर्भगृह की चांदी की दीवारों को चमकाने का काम शुरू कर दिया गया है। मंदिर के चांदी के द्वारा से लेकर दीवारों और रुद्र यंत्रों की सफाई और पॉलिशिंग शुरू कर दी गई है।
महाकालेश्वर के आसपास लगी हुई जलधारी, देहरी के चांदी के दरवाजे और नंदी हाल के दरवाजे को भी चमकाया जा रहा है। इसके साथ मंदिर में रंग रोगन और साज सज्जा का काम भी चल रहा है। हर बार की तरह इस बार भी सबसे पहले बाबा महाकाल के दरबार में दीपावली मनाई जाएगी।
गर्भगृह के चांदी के हिस्से की होगी सफाई
दीपावली की तैयारी को देखते हुए सबसे पहले मंदिर के गर्भ गृह में स्थित रूद्र यंत्र, चांदी की दीवारों और चांदी से बने हिस्सों को कारीगर विशेष तरीके से साफ कर रहे हैं। जब इन चीजों की सफाई और पॉलिशिंग अच्छी तरह से हो जाएगी। तब गर्भगृह एक बार फिर से चमकता हुआ दिखाई देगा।
कब मनेगी दीपावली
श्री महाकालेश्वर मंदिर में 8 नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जाने वाला है। इसे लेकर मंदिर में तैयारियों का दौर जारी है। मंदिर के अलग-अलग हिस्सों में साफ सफाई और रंग रोगन करने के साथ साज सज्जा भी की जा रही है। सभी व्यवस्थाओं को मंदिर समिति अंतिम रूप देने में लगी है। दीपावली से पहले पूरा मंदिर रोशनी से झिलमिलाता नजर आएगा।
बड़े त्यौहारों से पहले चमकती है चांदी
महाकालेश्वर मंदिर में कुछ प्रमुख त्योहारों से पहले चांदी की दीवारों की पॉलिशिंग की जाती है। शिवरात्रि हो सावन की शुरुआत या फिर दीपावली जैसा त्यौहार। इस समय चांदी की दीवारों, दरवाजों और यंत्रों की सफाई करने के साथ पॉलिशिंग कराई जाती है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

