
Indore Lokayukta Police arrested NVDA Sub-Engineer accepting bribe
लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण खंडवा में पदस्थ उप यंत्री को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, बेख़ौफ़ उप यंत्री ने रिश्वत की राशि अपने कार्यालय में ली लेकिन उसे मालूम नहीं था वो जाल में फंस चुका है, लोकायुक्त पुलिस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक इंदौर कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम धूलवाडा तहसील सनावद जिला खरगोन के रहने वाले लखन राठौर ने एक शिकायती आवेदन कार्यालय में दिया था जिसमें उन्होंने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण खंडवा में पदस्थ सब इंजीनियर पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।
बिल भुगतान करने के बदले मांगी 55000/- रुपये रिश्वत
लखन राठौर ने बताया कि वो ठेकेदारी का काम करता है उसने एनव्हीडीए पुनासा जिला खण्डवामें चौकीदार कक्ष एवं जनरेटर कक्ष बनाने का ठेका वर्ष 2024 में लिया था। उसने ये कार्य लगभग एक वर्ष में पूर्ण कर लिया और कार्य के भुगतान के लिए एनव्हीडीए कार्यालय पुनासा में बिल जमा किये। उसे लगभग 13 लाख का भुगतान प्राप्त हो चुका है शेष राशि का भुगतान एवं जमा की गई सिक्योरिटी डिपोजिट की राशि उसे वापस करने के बदले उप यंत्री अशोक गौतम 55,000/- रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
14000/- रुपये लेते उप यंत्री रंगे हाथ गिरफ्तार
शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी सब इंजीनियर ने ठेकेदार राठौर से 55,000/- रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत मांगने का सबूत मिलने के बाद ट्रैप प्लान की गई और आज इंदौर से एक टीम खंडवा पहुंची उप यंत्री अशोक गौतम को उसके कार्यालय के तकनीकी कक्ष में शिकायतकर्ता ठेकेदार से 14000/- रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
रिश्वत मांगने वाले की यहाँ करें शिकायत
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक इंदौर राजेश सहाय ने लोगों से अपील है की इंदौर संभाग में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करने पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर कार्यालय मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर-452007 पर एवं फोन नंबर 0731-2533160, 0731-2430100 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

