खंडवा में होटल के नॉनवेज में निकला मरा चूहा, खाना खाने से बच्चे की बिगड़ी तबीयत, खाद्य विभाग ने होटल किया सील, देखें वीडियो

खंडवा में होटल से पैक कराकर लाए गए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं खाना खाने के बाद एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।
Khandwa News

खंडवा: होटल से पैक कराकर घर लाए गए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। खाना को खाने के बाद एक बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी दर्ज कराई गई। जिसके बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बता दें कि यह मामला शुक्रवार रात करीब 9 बजे का है। खानशाह वली वार्ड निवासी सलमान खान ने कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से नॉनवेज खाना पार्सल करवाया था। रात में जब परिवार के सदस्य खाना खा रहे थे। तभी उन्हें होटल से लाए नॉनवेज खाने में कुछ संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जब बच्चों ने उस वस्तु को बाहर निकाला तो परिवार के होश उड़ गए। नॉनवेज खाने में से मरा हुआ चूहा निकला। परिवार वालों ने सबूत के तौर पर इसका वीडियो भी बनाया।

एक बच्चे की बिगड़ती तबीयत

परिवार का कहना है कि भोजन में चूहा मिलने के बाद सभी लोग घबरा गए। इसी खाने को बेटे ने भी खाया और बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। दो-तीन बार उल्टी हुई, जिसके बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टर्स द्वारा बच्चे का उपचार किया गया।

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत

बता दें कि होटल से पैक कराकर लाए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही होटल संचालक के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि खाद्य पदार्थ में इस तरह मरा हुआ चूहा मिलना बेहद गंभीर मामला है। यदि समय रहते यह दिखाई नहीं देता तो परिवार के अन्य सदस्य भी इस दूषित भोजन का सेवन कर सकते थे।

होटल पहुंची खाद्य विभाग की टीम

जैसे ही इस मामले की शिकायत खाद्य विभाग को मिली तब तत्काल ही विभाग की टीम होटल पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की है। खाद्य औषधि अधिकारी राधेश्याम गोले ने मौके पर पहुंचकर मटन कोल्हापुरी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित दुकान का खाद्य लाइसेंस वर्ष 2025 से रिन्यू नहीं कराया गया था।

खाद्य विभाग ने होटल किया सील

बता दें कि सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत और खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत लाइसेंस की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शनिवार को खाद्य विभाग ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। खाद्य अधिकारी द्वारा की गई यह कार्रवाई शिकायत के निराकरण के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर की गई कार्रवाई के रूप में सामने आई है। अब लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना का वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया है। वीडियो में भोजन के बीच मरा हुआ चूहा दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल बच्चे का उपचार जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज में कराया गया है। इस घटना ने शहर में संचालित होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews