खंडवा के घासपुरा में जमीन विवाद को लेकर बढ़ा तनाव, दो दिन में 3 युवकों से मारपीट

खंडवा के घासपुरा वार्ड में विवादित जमीन को लेकर तनाव के चलते दो दिन में तीन युवकों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने खालिक टाऊ और झब्बू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
खंडवा के घासपुरा में जमीन विवाद को लेकर बढ़ा तनाव, दो दिन में 3 युवकों से मारपीट

मध्य प्रदेश के खंडवा के घासपुरा वार्ड के अंतर्गत आने वाले बांग्लादेश क्षेत्र में विवादित जमीन को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव चल रहा है। इसी विवाद के चलते पिछले दो दिनों के भीतर तीन अलग-अलग युवकों के साथ मारपीट की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं जिनकी शिकायतें पुलिस तक पहुंच चुकी हैं।

आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ दबंग लोग उस विवादित जमीन को जबरन खाली कराने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। इसी खींचतान के बीच कभी किसी युवक को रास्ते में रोककर पीटा जा रहा है, तो कभी किसी को चारपहिया गाड़ी में डालकर दूर ले जाकर मारा जा रहा है।

कब्रिस्तान के पास की विवादित जमीन पर है 50 परिवारों का कब्जा

यह पूरा मामला घासपुरा वार्ड के बांग्लादेश इलाके में स्थित कब्रिस्तान के पास की जमीन से जुड़ा हुआ है जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, इस जमीन पर पिछले काफी समय से करीब 50 गरीब परिवार कब्जा करके रह रहे हैं।

आरोप है कि इन्हीं परिवारों पर जमीन खाली करने का दबाव बनाने के लिए कुछ लोग मारपीट और गुंडागर्दी का रास्ता अपना रहे हैं। हालांकि पुलिस इन सभी हमलों के पीछे जमीन के विवाद की असल वजह की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।

दिव्यांग युवक सत्या को घर से उठाकर बड़ी नदी ले गए दबंग

मारपीट की इन घटनाओं में सबसे खतरनाक मामला गुरुवार रात का सामने आया, जब मोहम्मद हुसैन उर्फ सत्या नाम के एक दिव्यांग युवक को निशाना बनाया गया। आरोप है कि कुछ लोग उसे उसके घर से जबरन उठाकर चारपहिया वाहन में बैठाकर बड़ी नदी इलाके में ले गए। सत्या का एक पैर पहले से ही खराब और काम नहीं करता है, इसके बावजूद दबंगों ने उसके साथ जमकर बेरहमी की। गंभीर हालत में उसे वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद आने-जाने वाले लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

फारूक शेख और इमरान पवार पर भी हुआ हमला

गुरुवार को ही फारूक शेख नाम के एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की घटना सामने आई थी। इसके अलावा मारपीट का तीसरा मामला गुलमोहर कॉलोनी से भी जुड़ा है, जहां इमरान पवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इमरान का आरोप है कि झब्बू और उसके परिवार वालों ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला करवाया है। इन सभी मामलों में कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन सभी घटनाओं के आपस में क्या तार जुड़े हैं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews