Khargone News: खरगोन में चौकीदार की दबंगई का मामला आया सामने, दुकानदार के साथ की मारपीट

Khargone News: खरगोन में चौकीदार की दबंगई का मामला आया सामने, दुकानदार के साथ की मारपीट

Khargone News : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ग्राम बडूड में चौकीदार की दबंगई का मामला सामने आया है। जहां पड़ोस की किराना दुकान में सामान लेने पहुंचे चौकीदार ने सामान के पैसे मांगने पर दुकानदार और उसके परिवारवालों के साथ जमकर मारपीट की। इसके बावजूद उसका गुस्सा शांत नहीं होने पर उसने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। इधर, मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी उसने हाथापाई की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिसकर्मी की शिकायत पर चार और दुकानदार की शिकायत पर चौकीदार समेत आठ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।आइए जानतें हैं पूरे मामले को विस्तार से…

बडूड का मामला

दरअसल, मामला खरगोन जिले में सनावद के पास ग्राम बडूड का है। जहां चौकीदार किराने की दुकान में सामान लेने गया था। सामान देने के बाद जब दुकानदार ने उससे पैसे मांगे तो उसे गुस्सा आ गया। जिसके बाद उसने दुकानदार समेत उसके परिवारवालों की भी पिटाई की। केवल इतना ही नहीं मौके पर पहुंची पुलिस जवान को भी घेरकर मारा। हद तो तब हो गई जब बीच- बचाव करने आए बाइक सवार के साथ भी उसने मारपीट की।

घर का सारा सामान तोड़ा

वहीं, सनावद थाना प्रभारी मंसाराम रोमड़े ने बताया कि बडूड के चौकीदार के पद पर पदस्थ नन्दराम पड़ोस की दुकान पर सामान खरीदने गया। यहां सामान के लेनदेन पर आरोपी चौकीदार ने फरियादी दुकानदार राधेश्याम के साथ मारपीट कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि चौकीदार के दोनों बेटे मोहन, राजेश स्वयं की पत्नी शांताबाई, बहुए राजबाई, सुनिताबाई एवं रिश्तेदार मनीष, दीपक ने घर में घुसकर राधेश्याम एवं परिवार के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उन्होंने घर का सारा सामान भी तोड़फोड़ दिया। इस बीच किसी ने 100 डायल पर सूचना दी।

आरोपियों की तलाश जारी

आरक्षक विनोद की सूचना पर सनावद टीआई फोर्स समेत मौके पर पहुंचे और पायलट, आरक्षक को छुड़ाया। पुलिस वाहन को देखकर कुछ आरोपी भागने में कामयाब हो गए लेकिन मुख्य आरोपी चौकीदार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे सनावद थाने लाया गया। जिनके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया गया है। मंगलवार शाम तक नन्दराम, दीपक, शांताबाई, राजुबाई एवं सुनीता बाई को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकि बचे आरोपियों की तलाश की जा रही है।

टीआई ने दी जानकारी

साथ ही, सनावद टीआई ने बताया कि आरोपी नन्दराम पूरे गांव में अपनी चौकीदारी का रौब झाड़ता था। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, वह उन्हें डराता धमकाता भी था। यही कारण है कि लोग उसकी शिकायत नहीं कर पाते थे लेकिन इस घटना के बाद उसके खिलाफ ग्रामीण मुखर होकर सामने आ रहे है। टीआई के अनुसार, एसपी के माध्यम से कलेक्टर को उसकी हरकतों के बारे में अवगत कराया जाएगा। साथ ही, पद का दुरुपयोग करने वाले चौकीदार को पद से हटाने की अपील भी कलेक्टर से की जाएगी।

खरगोन से बाबूलाल सारंग की रिपोर्ट

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews