ये 3 पैरेंटिंग मिस्टेक्स बच्चों को भीतर तक सहमा देती हैं, और दर्द रहता है जिंदगीभर

पेरेंटिंग में अक्सर छोटी-छोटी गलतियां बच्चों के लिए गहरी चोट बन जाती हैं। जब माता-पिता डांट, तुलना या अनदेखी जैसी आदतें अपनाते हैं, तो बच्चे खामोश तो रहते हैं लेकिन अंदर ही अंदर सहम जाते हैं। यही चुप्पी आगे चलकर तनाव, डर और आत्मविश्वास की कमी का कारण बनती है।
Parenting Mistakes

हर बच्चा अपने माता-पिता से सबसे ज्यादा प्यार करता है और उनसे ही सुरक्षा, अपनापन और सहारा पाता है। लेकिन कई बार अनजाने में पेरेंट्स ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनका असर बच्चों की मासूम दुनिया पर गहरा पड़ता है। बाहर से तो बच्चा चुप रहता है, लेकिन भीतर ही भीतर वह सहम जाता है। यही सहमापन उसके पूरे बचपन को प्रभावित करता है और धीरे-धीरे उसका आत्मविश्वास खत्म करने लगता है।

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में जहां पेरेंट्स अपने कामकाज और जिम्मेदारियों में उलझे रहते हैं, वहीं बच्चों के साथ जुड़ी छोटी-छोटी बातें नजरअंदाज हो जाती हैं। उदाहरण के लिए, बार-बार डांटना, दूसरों से तुलना करना, बच्चों की बातों को अनसुना कर देना ये सब मामूली लगने वाले कदम बच्चों की सोच और मानसिक सेहत पर भारी पड़ते हैं।

पेरेंटिंग की छोटी गलतियां

1. बार-बार डांटना और गुस्से से पेश आना

कुछ माता-पिता बच्चों की हर गलती पर गुस्से से पेश आते हैं। बार-बार डांट खाने वाला बच्चा धीरे-धीरे डरपोक और सहमा हुआ हो जाता है। वह अपनी राय खुलकर रखने की बजाय चुप रहना सीख जाता है। मनोवैज्ञानिक भी मानते हैं कि लगातार डांट से बच्चे में अपराधबोध बढ़ता है और वह खुद को हमेशा गलत मानने लगता है।

2. तुलना करना

बच्चे की तुलना हमेशा दूसरों से करना उसकी आत्मा को गहराई से चोट पहुंचाता है। “देखो, पड़ोसी का बच्चा तुमसे ज्यादा समझदार है” जैसे वाक्य बच्चे के दिल में हीनभावना पैदा कर देते हैं। तुलना से बच्चा अपनी क्षमताओं को नकारने लगता है और आत्मविश्वास खो बैठता है। यह आदत बच्चों में तनाव और अवसाद का कारण बन सकती है।

3. बच्चों की भावनाओं को नजरअंदाज करना

कई बार बच्चे छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान होते हैं और चाहते हैं कि उनके माता-पिता उन्हें सुनें। लेकिन जब उनकी भावनाओं को अनदेखा कर दिया जाता है, तो वे खुद को अकेला और असुरक्षित महसूस करते हैं। धीरे-धीरे बच्चा यह मानने लगता है कि उसकी बात की कोई अहमियत नहीं है और वह अपनी भावनाएं दबाने लगता है।

क्यों जरूरी है बच्चों की भावनाओं को समझना

मनोविज्ञान की रिसर्च बताती है कि बच्चों के शुरुआती अनुभव ही उनके व्यक्तित्व की नींव रखते हैं। अगर बच्चा बचपन में डर, तनाव और असुरक्षा झेलता है, तो यह उसके पूरे जीवन की मानसिक सेहत पर असर डालता है। माता-पिता को समझना होगा कि बच्चे की खामोशी अक्सर उसकी तकलीफ का संकेत होती है।

बचपन में मिला प्यार और अपनापन ही आगे चलकर बच्चे को मजबूत, आत्मविश्वासी और खुशहाल बनाता है। इसलिए माता-पिता को चाहिए कि बच्चों की गलतियों को सुधारने के साथ-साथ उनकी भावनाओं को भी महत्व दें। सकारात्मक माहौल और भरोसेमंद व्यवहार ही बच्चे के जीवन की सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews