Hindi News

चॉकलेट चिप कुकी: एक ‘गलती’ से हुआ दुनिया की सबसे पॉपुलर कुकी का आविष्कार, जानिए मजेदार कहानी

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
Last Updated:
चॉकलेट चिप कुकी अमेरिका की सबसे लोकप्रिय कुकी है। वहां हर साल लाखों कुकीज़ खाई जाती हैं। चार अगस्त को अमेरिका में नेशनल चॉकलेट चिप कुकी डे भी मनाया जाता है। मिठास, हल्का नमकीन टच और चॉकलेट का स्वाद इसे लाजवाब बनाता है। इसे लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना है। 2003 में 102 फीट चौड़ी कुकी बनाई गई, जिसका वजन 18 टन था।
चॉकलेट चिप कुकी: एक ‘गलती’ से हुआ दुनिया की सबसे पॉपुलर कुकी का आविष्कार, जानिए मजेदार कहानी

साभार: गूगल

चॉकलेट चिप कुकी.. वो मीठा चॉकलेटी क्रंची टेस्ट जो हमेशा एक और कुकी खाने के लिए मजबूर कर देता है। बाहर से कुरकुरी, अंदर से सॉफ्ट और हर टुकड़े में छिपा होता है मीठा चॉकलेटी सरप्राइज़ ..यही असली चॉकलेट चिप कुकी का जादू है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस टेस्टी कुकी का ईजाद एक गलती से हुआ था।

चॉकलेट चिप कुकी एक क्लासिक अमेरिकी डेज़र्ट है, जो अब दुनियाभर में लोकप्रिय हो चुकी है। कभी-कभी इसमें नट्स, ओट्स, मिल्क चॉकलेट, डार्क चॉकलेट या व्हाइट चॉकलेट चिप्स भी डाले जाते हैं..जिससे इसके टेस्ट में और वैरायटी आ जाती है। लेकिन जिस तरह से ये कुकी बनी, वो कहानी काफी दिलचस्प हैष

कैसे हुआ चॉकलेट चिप कुकी का ईजाद

1930 के दशक में अमेरिका में मैसाचुसेट्स के व्हिटमैन में ‘टोल हाउस इन’ नाम की एक छोटी सी सराय थी जिसे रूथ वेकफील्ड और उनके पति चलाते थे। रूथ एक शानदार बावर्ची थीं और अपने मेहमानों के लिए स्वादिष्ट डिशेज़ बनाया करती थीं। एक दिन रूथ चॉकलेट कुकीज़ बनाने की तैयारी कर रही थीं लेकिन तभी उन्होंने देखा कि उनके पास कोको पाउडर खत्म हो गया है। ऐसे में कुकीज़ कैसे बनाई जाए ?

रूथ ने देखा कि उनके पास नेस्ले की सेमी-स्वीट चॉकलेट बार रखी है। उन्होंने सोचा क्यों न इस चॉकलेट बार को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर कुकी के आटे में मिलाया जाए? उन्हें लगा कि बेक होने पर चॉकलेट पिघलकर कुकी में पूरी तरह घुल जाएगी, जैसा कि कोको पाउडर के साथ होता है। लेकिन जब इस तरीके से बनाई गई कुकीज़ ओवन से निकलीं तो चॉकलेट पूरी तरह पिघली नहीं थी बल्कि छोटे-छोटे चॉकलेट के टुकड़े कुकी में बने रहे और जब इसे खाया गया तो एक अनोखा स्वाद और बनावट मिली। मेहमानों को यह नई कुकी इतनी पसंद आई कि टोल हाउस इन में तुरंत हिट हो गई। रूथ वेकफील्ड को चॉकलेट चिप कुकी की खोज के लिए 1997 में ‘मैसाचुसेट्स स्टेट कुकी’ का दर्जा देकर सम्मानित किया गया।

नेस्ले और चॉकलेट चिप्स के सफर की शुरुआत

जल्द ही रूथ की ‘टोल हाउस चॉकलेट क्रंच कुकी’ की रेसिपी मशहूर होने लगी। अब बहुत सारे लोग इसे अपने घर पर बनाना चाहते थे और इसके लिए नेस्ले चॉकलेट बार की मांग बढ़ने लगी। नेस्ले ने इस मौके को भुनाया और रूथ के साथ एक समझौता किया। उन्होंने रूथ को आजीवन मुफ्त चॉकलेट देने का वादा किया और बदले में उनकी रेसिपी को अपने चॉकलेट बार के पैकेट पर छापने की अनुमति मांगी। 1939 में नेस्ले ने बाकायदा ‘चॉकलेट चिप्स’ बनाना शुरू किया..ये छोटे-छोटे चॉकलेट के टुकड़े थे जो खासतौर पर कुकीज़ के लिए बनाए गए थे। इस तरह चॉकलेट चिप कुकी न सिर्फ अमेरिका में बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर हो गई। आज भी नेस्ले टोल हाउस के पैकेट पर रूथ की मूल रेसिपी छपी होती है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews