
हर साल सितंबर के चौथे रविवार को डॉटर्स डे (Daughters Day 2025) मनाया जाता है। साल 2025 में यह दिन और भी ख़ास है क्योंकि यह हमें उस रिश्ते की याद दिलाता है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है, और वो रिश्ता है पिता और बेटी का।
अक्सर कहते हैं की बेटियां पापा की लाड़ली होती है। उनकी मुस्कान पापा के लिए दुनिया की सबसे बड़ी ख़ुशी होती है। जहाँ बेटा ज़िम्मेदारियों का एहसास दिलाता है, वहीं बेटी पिता के जीवन में कोमलता और भावनाओं का स्पर्श जोड़ देती है।
क्यों बेटियां होती हैं पापा की सबसे करीबी
पिता और बेटी का रिश्ता गहरा और खास होता है। मनोवैज्ञानिक मानते हैं कि पापा और बेटी के बीच का बंधन एक इमोशनल सिक्योरिटी की तरह होता है। बेटी जब छोटी होती है, तो पापा उसे गोदी में उठाकर दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह का अहसास कराते हैं।
यही भरोसा धीरे-धीरे गहराता है। पिता बेटी के पहले हीरो होते हैं और उसकी नजर में पापा ही वह इंसान हैं जो हर समस्या से बचा सकते हैं। यही कारण है कि बेटियां अक्सर पापा से अपनी भावनाएं, सपने और डर बिना झिझक शेयर करती हैं।
बेटियों को पापा से क्यों मिलता है ज्यादा प्यार
बेटियों के साथ पिता का भावनात्मक रिश्ता गहरा होता है। बेटी के जीवन की पहली सीख अक्सर पापा से ही मिलती है, चाहे वह साइकिल चलाना हो या दुनिया का सामना करना।
पापा को हमेशा लगता है कि उनकी बेटी को दुनिया की चुनौतियों से बचाना उनका कर्तव्य है। पापा अपनी बेटियों को हमेशा प्रोत्साहित करते हैं कि वह अपनी पहचान खुद बनाए। यही वजह है कि पापा का प्यार बेटों की तुलना में बेटियों को ज्यादा महसूस होता है।
समाज और परिवार में डॉटर्स डे का महत्व
डॉटर्स डे 2025 सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि बेटियों के महत्व को स्वीकार करने का दिन है। आज भी कई जगहों पर बेटियों को कमतर समझा जाता है। लेकिन बदलते वक्त में बेटियां हर क्षेत्र में पिता का मान बढ़ा रही हैं।
खेल, शिक्षा, विज्ञान या कला हर जगह बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यही कारण है कि डॉटर्स डे हमें याद दिलाता है कि बेटियां न सिर्फ परिवार की शान हैं बल्कि समाज की प्रगति का आधार भी हैं।
बेटियों के लिए पापा की दुआएं
डॉटर्स डे पर हर पिता की एक ही ख्वाहिश होती है, उसकी बेटी हमेशा खुश रहे। पापा अपनी बेटियों के लिए दुआ करते हैं कि वह जीवन में कभी हार न मानें और अपने सपनों को पूरा करें। यह दिन हमें यह भी सिखाता है कि बेटियों को सिर्फ प्यार ही नहीं, बराबरी और सम्मान भी देना जरूरी है। यही असली तोहफा है जो एक पिता अपनी बेटी को दे सकता है।

