दादी मां के नुस्खे : सेहत, स्नेह और संस्कार की सौगात, अपनाएं ये सरल और असरदार उपाय

दादी मां के नुस्खों का खजाना ऐसा है, जो कभी खत्म नहीं होता। जैसे, अगर सिरदर्द परेशान करे तो दादी मां का यह तरीका आजमाएं। 4-5 लौंग को तवे पर हल्का भूनें और इसका धुआं सूंघें। खांसी से छुटकारा पाने के लिए 2-3 काली मिर्च को पीसकर एक चम्मच घी में मिलाएं और चाट लें। अगर मुंह में छाले हों तो चने की दाल भिगोकर, पीसकर उसका लेप छालों पर लगाने से राहत मिलती है।
Grandma's Remedies

AI generated

Grandma’s Remedies : क्या आपको याद है बचपन में तबियत खराब होने पर दादी कैसे अपने अनुभवी हाथों से कोई घरेलू उपाय निकाल लाती थीं।   सर्दी-खांसी होती तो अदरक-शहद का मिश्रण या हल्दी वाला दूध दिया जाता।पेट दर्द होने पर अजवाइन और काला नमक खिलाया जाता। चोट लगने पर हल्दी और घी का लेप लगाया जाता और सिरदर्द हो तो दादी प्यार से सिर में तेल मालिश कर देतीं।

दादी मां के इन नुस्खों में उनकी ममता और विश्वास भी जुड़ा होता। ये अनुभव संचित ज्ञान एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता और परंपरा का रूप ले लेता। आज भी ऐसे कई नुस्खे हैं जिन्हें आजमाते हुए हमें अपनी दादी-नानी-मां या किसी अन्य बुजुर्ग की याद आ जाती है। उनके दिए गए ये सहज, सुरक्षित और प्रभावी उपाय हमारी जीवनशैली को संतुलित और सस्टेनेबल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

घरेलू उपायों से पाइए अनेक समस्याओं का समाधान 

दादी मां के नुस्खे सिर्फ हमारी सेहत के लिए फायदेमंद नहीं होते, बल्कि ये हमें प्रकृति के करीब लाने और पारंपरिक ज्ञान को सहेजने की प्रेरणा भी देते हैं। ये घरेलू उपाय हमें छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं का हल खुद निकालने का भरोसा भी देते हैं और खास बात ये कि घरेलू और प्राकृतिक होने के कारण इनका कोई विपरित असर भी नहीं होता। स्वास्थ्य के अलावा ये छोटी छोटी बातें जीवन के कई अन्य पहलुओं में भी काम आती है। आज हम आपके लिए कुछ ऐसे ही नुस्खे लेकर आए हैं।

दादी मां के नुस्खे

नींबू और नमक से दांतों की चमक बढ़ाइए : मुझे याद है, मेरी दादी मां कहती थीं कि अगर दांत पीले पड़ गए हो तो नींबू के रस में चुटकी भर नमक मिलाकर उंगली से दांतों पर मलो। पांच मिनट बाद कुल्ला कर लो। नींबू का खट्टापन और नमक की रगड़ दाग हटाने में कमाल करते हैं।

गर्म पानी में गुड़ से गले की खराश दूर : गले में खराश हो तो दादी मां का सुझाव था..एक गिलास गुनगुने पानी में थोड़ा गुड़ डालकर पी लो। यह न सिर्फ गले को आराम देता है, बल्कि सर्दी से भी बचाता है।

धनिया के बीज से पेट की जलन शांत : पेट में जलन हो तो कभी ये नुस्खा आज़माकर देखिएगा। धनिया के बीजों को पानी में उबाल ले और फिर ठंडा करके पी लें। दादी मां के अनुसार ये पेट को ठंडक देता है और पाचन को सुधारता है।

मेथी से बालों का झड़ना रोके : अगर आपके बाल गिर रहे हैं और आप भी झड़ते बालों को देख परेशान हैं तो घबराएं नहीं। मेथी के दानों को रातभर भिगोकर, सुबह पीसकर सिर पर लगा लीजिए। इसे एक घंटे बाद धो लें..इससे आपके बाल मजबूत होंगे और झड़ना भी कम होगा।

टमाटर से सनबर्न ठीक करें : गर्मी का मौसम आ गया है और अगर आप भी सनबर्न का समाधान ढूंढ रहे हैं तो ये आपके काम का नुस्खा है। एक टमाटर को काटकर उसका ठंडा गूदा जली हुई त्वचा पर लगाएं। 10-15 मिनट बाद धो लें। टमाटर की ठंडक और उसमें मौजूद लाइकोपीन त्वचा को तुरंत राहत देता है।

लौंग से मच्छर भगाएं : मच्छरों से परेशान हैं और कॉइल या रिपेलेंट काम नहीं कर रहा ? दादी मां का यह टोटका आजमाएं। 5-6 लौंग लें और उन्हें एक नींबू में चुभा दें। इसे कमरे में रख दें। दादी मां का कहना था कि लौंग की तेज गंध और नींबू का असर मच्छरों को दूर भगा देता है।

(डिस्क्लेमर : ये लेख विभिन्न स्त्रोतों से प्राप्त जानकारियों पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते। विशेषज्ञ का परामर्श अपेक्षित)

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews