सर्दी में भी गेंदे के पौधे में खिलेंगे ढेर सारे फूल, बस इस हरी सब्जी का करें इस्तेमाल

सर्दियों का मौसम जिस तरह से हमारी त्वचा और बालों के लिए कठिन होता है, उसी तरह यह पौधों के लिए भी थोड़ा मुश्किल भरा समय होता है। इस मौसम में पौधों की देखभाल दोगुनी करनी पड़ती है, क्योंकि ठंडी हवाएं और ओस के कारण पौधे जल्दी खराब होने लगते हैं।
Plant Care

Plant Care: घर की बालकनी और छत पर हरे-भरे रंग-बिरंगे फूलों वाले पौधे लगाना लोगों को बहुत पसंद होता है, यह पौधे ना सिर्फ सुंदर दिखते हैं, बल्कि यह घर की शोभा भी बढ़ाते हैं। हालांकि, पौधे लगाना जितना आसान होता है उनकी देखभाल करना उतना ही मुश्किल होता है।

जैसे-जैसे मौसम बदलता है, वैसे-वैसे पौधों की देखभाल करने का तरीका भी बदलता है। पौधों की देखभाल करना थोड़ा मुश्किल होता है, खासतौर पर अगर मौसम सर्दी का हो। कड़कड़ाती ठंड और ओस के कारण पौधे मुरझाने लगते हैं, क्योंकि उन्हें बढ़ने के लिए सही मात्रा में पानी और सूरज की रोशनी नहीं मिल पाती है।

गेंदे का पौधा (Merigold Plant)

आज हम खासतौर पर बात करेंगे गेंदे के पौधे की। अगर आपने भी अपने घर में गेंदे का पौधा लगाया है, लेकिन ठंड के मौसम में पौधा अच्छे से बढ़ नहीं पा रहा है या फिर उसमें फूल खिलना बंद हो गए हैं, तो चिंता की कोई बात नहीं है।

हम आपको एक ऐसा आसन नुस्खा बताएंगे, जिससे आप सर्दियों के मौसम में भी गेंदे के पौधे को हरा-भरा और फूलदार बना सकते हैं। इस उपाय को करने से न सिर्फ पौधा स्वस्थ रहेगा, बल्कि यह सर्दियों में अच्छे फूल भी देगा। चलिए जान लेते हैं क्या है यह उपाय।

पौधे के लिए पालक का उपाय

हरी पत्तेदार सब्जियां गेंदे के पौधे के लिए बहुत फायदेमंद हो सकती हैं, गेंदे के पौधे के लिए पालक का इस्तेमाल बहुत फायदेमंद होता है।

पालक में ऐसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों के विकास के लिए बहुत जरूरी होते हैं। यह पौधे को स्वस्थ बनाए रखने, उसकी वृद्धि बढ़ाने, साथ ही साथ सर्दी के मौसम में मजबूत बनाने का काम करता है।

पालक और सरसों की खली का मिश्रण

अगर आप सर्दी के मौसम में अपने गेंदे के पौधे को स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं, तो ऐसे में पालक और सरसों की खली का मिश्रण बहुत फायदेमंद हो सकता है।

इसके लिए आपको कुछ पालक के पत्ते और सरसों की खली की जरूरत होगी, जो आपको आसानी से किसी भी माली के पास या फिर बाजार में मिल सकती है।

कैसे करें इस्तेमाल

अब इसका इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले पालक के पत्तों और सरसों की खली पैन में डालें और इसमें पानी डालकर अच्छे से उबाल लें।

उबालने के बाद पानी को छानकर उसे गेंदे के पौधे की जड़ों में डालें। इस नुस्खे को करने से गेंदे का पौधा सर्दियों के मौसम में भी मजबूत रहेगा।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews