
गांव की रसोई में जब भी हलवा बनता है, तो उसका सुगंधित धुआं पूरे मोहल्ले में फैल जाता है। खासकर सर्दियों के मौसम में मूंग दाल का हलवा मानो हर घर की पहचान बन जाता है। गांव की औरतें मिट्टी के चूल्हे पर देसी घी डालकर जब दाल को कड़ाही में धीमी आंच पर भूनती हैं, तो उस खुशबू से ही भूख दोगुनी हो जाती है। हलवा सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि रिश्तों की मिठास भी घोलने का काम करता है। शादी-ब्याह, त्योहार या फिर कोई खुशी का मौका हो, तब मूंग दाल का हलवा जरूर बनता है। इसे परोसते समय ऊपर से मेवे डालना और गरमागरम थाली में सजाना इसे और भी ज्यादा आकर्षित बनाता है।
हालांकि, इस पारंपरिक हलवा बनाने की रेसिपी बहुत मेहनत वाली होती है। इसके लिए दाल को घंटों पानी में भिगोकर रखना, फिर उसे पीसना होता है और लगातार चलाते हुए भूनना.. इन सबमें बहुत समय खर्च होता है।
मिनटों में होगा तैयार
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग इसे बनाने से पीछे हटने लगे हैं। गांव के साथ-साथ अब शहरों में उतना समय सभी के पास नहीं होता है, यही वजह है कि अब मूंग दाल का हलवा सिर्फ शादी समारोह या मिठाई की दुकानों तक ही सीमित हो गया है, लेकिन अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है… क्योंकि शहर की रफ्तार भरी जिंदगी में भी आप मिनटों में स्वादिष्ट मूंग दाल का हलवा बना सकते हैं।
जानें आसान विधि
- सबसे पहले मूंग दाल को धोकर किसी कपड़े पर फैला दें।
- इसके बाद हल्की धूप या हवा में सुखा लें।
- पानी पूरी तरह निकलने के बाद दाल को नॉन-स्टिक पैन में सुनहरा होने तक भून लें।
- इसके बाद ठंडी हुई दाल को मिक्सी में दरदरा पीस लें।
- ध्यान रहे… इसे बिल्कुल बारीक पाउडर जैसा न बनाएं
- अब एक कड़ाही में देसी घी गरम करें।
- फिर इसमें पिसी हुई दाल डाल दें।
- धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 5 से 7 मिनट तक भूनें।
- जैसे ही दाल का रंग सुनहरा हो और उसकी खुशबू पूरे घर में फैलने लगे, समझ लीजिए कि हलवा आधा तैयार हो गया।
- अब एक दूसरे बर्तन में दूध को हल्का गरम कर लें और इसमें चीनी डालकर घोल लें।
- इस मिश्रण को धीरे-धीरे भुनी हुई दाल में डालें और तुरंत चलाते रहें, ताकि गांठ न पड़ें।
- लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक कि हलवा कड़ाही के किनारे छोड़ने न लगे।
- अब इसमें इलायची पाउडर और केसर के धागे डाल दें।
- फिर ऊपर से कटे बादाम और पिस्ता डालकर गार्निश करें।
हर कोई करेगा तारिफ
अब सर्दियों की शाम हो या अचानक आए मेहमान हो… मूंग दाल का गरमागरम हलवा बनाना अब मुश्किल नहीं लगेगा। यकीन मानिए आपके द्वारा बनाई गई इस डिश की हर कोई तारीफ करेगा। केवल इतना ही नहीं, आप इसे घर पर आने वाले मेहमानों के सामने भी परोस सकती हैं, वे बिना तारीफ किए नहीं जाएंगे। केवल इतना ही नहीं, आपके पड़ोस में रहने वाली महिलाएं भी आपसे इन नई डिशेस की रेसिपी पूछेंगी। वहीं, घर के बड़े और बुजुर्गों को इसका टेस्ट बहुत ही पसंद आएगा।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

