गर्मियों में सन टैनिंग बिगाड़ सकती है त्वचा की सेहत, इन आसान घरेलू उपायों से पाए राहत

गर्मियों के साथ ही आती है सन टैनिंग की परेशानी। हाथ, पैर, चेहरे और शरीर की अन्य खुली जगहों पर त्वचा का रंग गहरा हो जाता है। ये सिर्फ दिखने में ही खराब नहीं लगती, बल्कि कई बार आपकी स्किन को डैमेज भी कर सकती है। अच्छी बात ये है कि सही देखभाल और घरेलू नुस्खों से इसे दूर किया जा सकता है।
Tanning Remove Tips

Sun tanning remedies : गर्मी के मौसम में अक्सर एक बड़ी समस्या होती है त्वचा पर सन टैनिंग की। इससे न सिर्फ त्वचा की रंगत प्रभावित होती है बल्कि कई बार ये त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकती है। टैनिंग सिर्फ सौंदर्य का मामला नहीं है। लगातार और बहुत ज्यादा टैनिंग त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान भी पहुंचा सकती है।

गर्मियों में चटक धूप और बढ़ती गर्मी का असर हमारी त्वचा पर दिखाई देता है। हमारे जैसे देशों में, जहाँ सूर्य की किरणें सीधे और तीव्र होती हैं..वहां गर्मियों में सन टैनिंग एक आम समस्या है। इससे बचने के लिए और कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सावधानी बरतने के साथ ही कुछ आसान उपायों से टैनिंग की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

क्यों होती है सन टैनिंग

सन टैनिंग तब होती है जब हमारी त्वचा सूरज की पराबैंगनी (UV) किरणों के संपर्क में आती है। ये किरणें त्वचा में मौजूद मेलेनिन पिगमेंट को सक्रिय करती हैं, जिसके कारण त्वचा का रंग गहरा हो जाता है। अगर आप लंबे समय तक धूप में रहते हैं खासकर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच तो टैनिंग हो सकती है। सनस्क्रीन का उपयोग न करना भी इसका एक कारण है। हल्की रंगत वाली त्वचा अधिक संवेदनशील होती है साथ ही प्रदूषण और धूल त्वचा को और नुकसान पहुंचा सकते हैं।

सन टैनिंग को दूर करने के आसान तरीके

सन टैनिंग को हटाने के लिए बाजार में कई कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं, लेकिन आप कुछ आसान घरेलू नुस्खे इस्तेमाल कर सकते हैं जो न सिर्फ किफायती होते हैं, बल्कि त्वचा के लिए सुरक्षित भी हैं। बस आपको इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि जो भी उपाय आप आजमा रहे हैं, उनमें से किसी चीज़ से आपको एलर्जी न हो।

नींबू और शहद का जादू : नींबू में प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण होते हैं, जो टैनिंग को हल्का करते हैं, जबकि शहद त्वचा को नमी प्रदान करता है। एक चम्मच नींबू का रस और एक चम्मच शहद मिलाएं। इसे टैन वाली त्वचा पर 15-20 मिनट तक लगाएं, फिर ठंडे पानी से धो लें।

दही और हल्दी का देसी नुस्खा : दही त्वचा को ठंडक देता है और हल्दी एंटीऑक्सिडेंट गुणों से भरपूर होती है। दो चम्मच दही में चुटकी भर हल्दी मिलाएं। इसे चेहरे और टैन वाली जगह पर लगाएं। 20 मिनट बाद धो लें।

आलू का रस : आलू में प्राकृतिक एंजाइम्स होते हैं जो टैनिंग को कम करते हैं। एक आलू को कद्दूकस करें और इसका रस निकाल लें। इसे कॉटन की मदद से त्वचा पर लगाएं। 15 मिनट बाद धो लें। आलू के रस को अगर फ्रिज में ठंडा करके लगाएंगे तो यह त्वचा को तुरंत ताजगी देगा।

एलोवेरा की ठंडक : एलोवेरा त्वचा को पोषण देता है और टैनिंग को हटाने में मदद करता है। ताजे एलोवेरा जेल को टैन वाली जगह पर लगाएं और रातभर छोड़ दें। सुबह ठंडे पानी से धो लें।

(डिस्क्लेमर : ये लेख विभिन्न स्त्रोतों से प्राप्त जानकारियों पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं। विशेषज्ञ का परामर्श अपेक्षित)

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews