कमलनाथ की हार-जीत को लेकर लगी 10 लाख की शर्त, इकरारनामा बना, गवाहों ने किए दस्तखत

Kamal Nath

MP Election 2023 : बात हो चुनाव और राजनीति की तो हर किसी का कोई फेवरेट नेता होता है, कोई पसंदीदा पार्टी होती है और अक्सर की लोग किसी न किसी विचारधारा का समर्थन भी करते हैं। ऐसे में चुनावी मौसम में अपनी पसंद वाले नेता की जीत या हार को लेकर तमाम तरह के दावे किए जाते हैं। कई बार तो लोग अपनी बात साबित करने के लिए शर्त तक लगा लेते हैं। लेकिन क्या आपने कभी किसी को  नेताओं की हार या जीत  के लिए 10 लाख की शर्त लगाते देखा है।

कमलनाथ को लेकर 10 लाख की शर्त

ये मामला सामने आया है छिंदवाड़ा विधानसभा सीट के लिए जहां पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अपनी पारंपरिक सीट से चुनाव लड़ा है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव  2023 के लिए मतदान संपन्न हो चुके हैं और अब सबको नतीजों का इंतजार है। 3 दिसंबर को फैसला सामने आएगा कि जनमत किसके पक्ष में गया है। लेकिन उससे पहले प्रदेश में दो लोगों के बीच कांग्रेस प्रत्याशी कमलनाथ और बीजेपी प्रत्याशी बंटी साहू को लेकर शर्त लग गई है। इसे लेकर एक इकरारनामा बनाया गया है और ये पत्र अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बाकायदा बनाया गया इकरारनामा

मामला छिंदवाड़ा का है जहां दो व्यापारियों ने बीजेपी और कांग्रेस की हार जीत को लेकर शर्त लगाई है। शर्त भी कोई छोटी नहीं, बल्कि पूरे 10 लाख की। इसके लिए बाकायदा लेटरपैड पर पूरा मामला लिखा गया है और उसके ऊपर दस्तखत भी किए गए हैं। शर्त लगाने वाले हैं कांग्रेस से जुड़े ठेकेदार प्रकाश साहू और इनके सामने है राम मोहन साहू। इस पत्र में लिखा गया है कि अगर ‘कमलनाथ जी हारते हैं तो प्रकाश साहू ..राम मोहन साहू को 10 लाख रूपये नगद देंगे। अगर बंटी साहू हारेगा तो राम मोहन साहू..प्रकाश साहू को 1 लाख नगद देंगे। ये राशि 3 दिसंबर को दी जाएगी।’ इस प्रकार दोनों ने ही अपने अपने नेताओं को लेकर लाखों की शर्त लगा ली है। इस इकरारनामे में बाकायदा राजस्व टिकट लगाकर दोनों पक्षों ने साइन किए हैं साथ ही गवाहों के दस्तखत भी है। इस तरह अब यहां ये मामला और रोचक हो गया है क्योंकि नतीजे वाले दिन नेताओं की किस्मत के साथ इन दो लोगों का फैसला भी होगा कि आखिर कौन शर्त हारता है और किसे नगद राशि मिलती है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews