BRICS सम्मेलन में CM मोहन यादव ने मेहमानों को दी डिनर पार्टी, कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले – ‘पार्टी के भीतर के मतभेदों का आत्ममंथन करें’

इंदौर में आयोजित BRICS सम्मेलन में विदेशी मेहमानों के स्वागत के बीच CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा हमला देखने को मिला है। दरअसल उन्होंने कहा है कि अब कांग्रेस का आत्ममंथन का समय आ गया है।
BRICS सम्मेलन में CM मोहन यादव ने मेहमानों को दी डिनर पार्टी, कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले - 'पार्टी के भीतर के मतभेदों का आत्ममंथन करें'

इंदौर में आयोजित BRICS देशों के कृषि मंत्रियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सम्मेलन के दौरान मध्यप्रदेश ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और मेहमाननवाजी की खास झलक पेश की है। दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदेशी मेहमानों का स्वागत करते हुए उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया। वहीं दूसरी ओर उन्होंने राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तीनों सीटों पर जीत का जिक्र करते हुए कांग्रेस को आत्ममूल्यांकन की सलाह भी दी है।

दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार वैश्विक स्तर पर अपने रिश्तों को मजबूत कर रहा है। ऐसे समय में इंदौर में BRICS देशों के कृषि मंत्रियों का जुटना मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है और इसी दिशा में कृषि क्षेत्र से जुड़े अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों के साथ कृषि, तकनीक और साझेदारी से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा भी हुई है।

BRICS सम्मेलन इंदौर में दिखी मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान

वहीं BRICS सम्मेलन के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम ने विदेशी प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की लोक कला, संगीत, परंपराओं और पर्यटन स्थलों को आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए दिखाया गया। इंदौर की मेजबानी में आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य केवल आधिकारिक बैठक तक सीमित नहीं था बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक ताकत और विरासत को भी दुनिया के सामने रखना था।

दरअसल रात्रि भोज कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की वसुधैव कुटुंबकम की सोच दुनिया को साथ लेकर चलने की भावना को मजबूत करती है। BRICS जैसे मंच विकासशील देशों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और नई साझेदारी बनाने का मौका देते हैं। कृषि, खाद्य सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है।

राज्यसभा चुनाव जीत पर कांग्रेस को घेरा

वहीं सम्मेलन के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का राज्यसभा की तीनों सीटों पर जीत दर्ज करना जनता के भरोसे का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जब जनता किसी सरकार पर विश्वास जताती है तो चुनावी नतीजों में उसका असर साफ दिखाई देता है।

कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए: मुख्यमंत्री मोहन यादव

इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार के कारणों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और पार्टी के भीतर मौजूद मतभेदों का आत्ममंथन करना चाहिए। CM डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार चुनावी सफलताएं हासिल कर रही है। लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे संगठन और जनता के भरोसे का परिणाम बताया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews