केंद्रीय बजट पर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल का हमला, बोले- MP की जनता ठगी गई, सरकार ने हर वर्ग से किया धोखा

कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने केंद्रीय बजट 2026 को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार 2026 में 2047 की बात कर रही है, जबकि जनता महंगाई-बेरोजगारी से त्रस्त है और मध्य प्रदेश खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
Kamleshwar Patel

भोपाल। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने केंद्रीय बजट 2026 को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बजट को जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि सरकार मौजूदा समस्याओं को हल करने के बजाय भविष्य के सपने दिखा रही है। पटेल ने आरोप लगाया कि यह बजट सिर्फ चुनावी राज्यों में मार्केटिंग करने का एक प्रयास है।

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि देश इस समय महंगाई और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन बजट में इन मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, “2026 चल रहा है और केंद्र सरकार 2047 की बात कर रही है। लोग अभी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं।”

महंगाई और किसानों की अनदेखी का आरोप

पटेल ने रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि किसान लगातार परेशान हैं, लेकिन बजट में किसी भी सेक्टर को कोई राहत नहीं दी गई है। उनके मुताबिक, सरकार ने समाज के हर वर्ग के साथ धोखा किया है।

“गलत हाथों में सत्ता चली गई है, आए दिन देश की अर्थव्यवस्था गिरावट की ओर है। सरकार ने हर वर्ग के लोगों के साथ धोखा किया है।”- कमलेश्वर पटेल, कांग्रेस CWC सदस्य

‘मध्य प्रदेश ठगा हुआ महसूस कर रहा’

पूर्व मंत्री ने मध्य प्रदेश की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में 29 सांसद भारतीय जनता पार्टी को दिए, लेकिन इसके बदले में राज्य को कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा, “आज मध्य प्रदेश खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। बजट से प्रदेश की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं।”

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews