भोपाल में FPAI की वार्षिक आम सभा, समाज सेवा के लिए बढ़ाया कदम

फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफ.पी.ए.आई.) भोपाल शाखा की वार्षिक आम सभा बुधवार को अरेरा क्लब में आयोजित हुई। शाम 4 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में संस्था की सालभर की उपलब्धियां, सामाजिक पहल और आने वाले समय की योजनाएं साझा की गईं।
Bhopal

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि हरेंद्र नारायण (कमिश्नर, भोपाल नगर निगम), विशिष्ट अतिथि डॉ. नमिता जैन (प्रेसिडेंट, IAS Wife Association, Bhopal) और चेयरपर्सन डॉ. रुचिरा चौधरी ने मिलकर दीप जलाया।

मंच संचालन कर रही रनिया ज़मील ने एफ.पी.ए.आई. की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण, किशोर शिक्षा और प्रजनन स्वास्थ्य के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।

जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक

सभा को संबोधित करते हुए चेयरपर्सन डॉ. रुचिरा चौधरी ने बताया कि संस्था आर.के.एस.के., साथिया प्रोजेक्ट, मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, लाड़ली किट वितरण, एनीमिया जागरूकता अभियान और आउटरीच प्रोग्राम चला रही है। ज़रूरतमंदों को ₹50 या पूरी तरह मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं।

संस्था के प्रभारी जगदीश परसाई ने कहा कि भोपाल शाखा 1965 से सक्रिय है और अब इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई जिलों में काम कर रही है। हर शुक्रवार निःशुल्क नेत्र व दंत चिकित्सा शिविर, गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई और सेनेटरी पैड वितरण किया जाता है। पिछले छह महीनों में 116 लोगों को टीकाकरण सेवाएं दी गईं।

अतिथियों की सराहना और प्रेरक संदेश

मुख्य अतिथि हरेंद्र नारायण को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा, यह संस्था सिर्फ इलाज नहीं देती, बल्कि समाज की सोच को सकारात्मक दिशा भी देती है। गेस्ट ऑफ ऑनर डॉ. नमिता जैन ने एफ.पी.ए.आई. के काम को एक मजबूत सामाजिक आंदोलन बताया, जो लोगों में जागरूकता और सेवा की भावना ला रहा है।

Bhopal

वाइस चेयरपर्सन डॉ. निशात अख्तर ने कहा, एफ.पी.ए.आई. उन आवाज़ों के लिए काम कर रही है जिन्हें अक्सर समाज अनदेखा कर देता है। हर व्यक्ति को इस मिशन से जुड़ना चाहिए।

पारदर्शिता और आभार

Bhopal

वित्त सलाहकार गुंजन अग्रवाल ने आय-व्यय और CSR सहयोग की जानकारी देते हुए संस्था की कार्यप्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बताया। अंत में उदिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि संस्था आगे भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प निभाती रहेगी। इस वार्षिक आम सभा ने साबित किया कि एफ.पी.ए.आई. सिर्फ एक संस्था नहीं, बल्कि समाज सेवा का एक जीवंत उदाहरण है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews