
Gwalior News : आज पूरे देश में सिर्फ राम नाम की ही गूंज सुनाई दे रही है, हर तरफ राम भजन, राम यात्रायें निकली जा रही है , ग्वालियर में भी कई कार्यक्रम आयोजित किये गए जिसमें ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी शामिल हुए, बेहद धार्मिक प्रवत्ति वाले ऊर्जा मंत्री इस दौरान हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हुए औए राम यात्रा में शामिल हुए उन्होंने ना सिर्फ मंजीरे बजाये बल्कि जमकर डांस भी किया, उन्होंने एक सामान्य नागरिक की तरह लाइन में लगकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया ।
[dgv_vimeo_video id=”905185358″]
अयोध्या में निर्मित भव्य और विशाल राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर ग्वालियर शहर भी राममय हो गया। इस मौके पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पूरी तरह भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबे नजर आए। उन्होंने शहर में जगह-जगह चल रहे सुन्दरकाण्ड, रामकथा पाठ, आरती और भण्डारों में हिस्सा लेकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आचरण को जीवन में धारण करने का आव्हान किया।
मंदिरों में हुए सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, पूजा अर्चना
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार की सुबह सबसे पहले बरगद वाले हनुमान मंदिर तिकोनिया पार्क पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राम यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने कांच मिल के सामने स्थित नवीन पार्क में आयोजित सुन्दरकाण्ड पाठ में हिस्सा लिया। ऊर्जा मंत्री के बड़े भाई पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम ग्वालियर देवेन्द्र सिंह तोमर भी सुन्दरकाण्ड पाठ में शामिल हुए और आरती की।

बैंड की धुन पर जमकर थिरके ऊर्जा मंत्री
ऊर्जा मंत्री तोमर किलागेट व सराफा बाजार में सराफा व्यापारियों द्वारा आयोजित राम यात्रा में शामिल हुए और बैंड की धुन पर जमकर डांस किया, ऊर्जा मंत्री ने राम-जानकी मंदिर में आरती की। यहीं पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अयोध्या में आयोजित हुए भगवान श्री राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर म.प्र.चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

लाइन में लगकर ग्रहण की प्रसादी और मंजीरा भी बजाया
इसी कड़ी में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के जत्ती की लाइन, दस नम्बर लाइन, पाताली हनुमान तथा वैष्णोपुरम में आयोजित भण्डारों में लाइन में लगकर प्रसादी ग्रहण की। ऊर्जा मंत्री ने मंदिर में मंजीरा और झीका बजाकर खूब रामधुन की।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

