Gwalior News : भीषण गर्मी में दिन रात अघोषित बिजली कटौती झेल रही जनता, मंत्री जी बोले “यह ट्रिपिंग है”

हर बार जनता के लिए खड़े रहने वाले ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर इस बार अधिकारियों के साथ खड़े दिखाई दिए, उन्होंने कहा कि आप भी तो अपने मोटरसाइकिल  की सर्विस कराते हैं तो वहां आपको दो तीन घंटे लगते हैं ऐसे ही जिन ट्रांसफार्मर्स की सर्विस होती है, वहां भी समय लगता है, कटौती कहीं नहीं है सप्लाई में अवरोध हो जाता है।
Energy Minister meeting Gwalior

Gwalior News : मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का गृह जिला ग्वालियर है और यहीं के लोग अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं, शहर के कई मोहल्ले ऐसे हैं जहाँ बिजली एक बार गई तो वापस आने में कितना समय लगेगा कोई नहीं जानता, लेकिन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर इसे अघोषित कटौती नहीं मानते उनकी नजर में ये ट्रिपिंग है जो ट्रांसफार्मर्स के ओवरलोड होने के कारण होती है

बुधवार को मंत्रालय भोपाल में अधिकारियों की बैठक में ट्रिपिंग और मेंटेनेंस की समीक्षा करने के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आज गुरुवार को ग्वालियर में ब्जिली कंपनी के मुख्यालय रोशनीघर कार्यालय में  अधिकारियों की बैठक ली, बैठक में ग्वालियर के अंतर्गत आने वाले भिंड, मुरैना, शिवपुरी और श्योपुर के अधिकारियों को ऑनलाइन जोड़ा गया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण आम नागरिकों को बिजली ट्रिपिंग का सामना न करना पड़े इसके लिए अधिकारी माकूल बंदोबस्त करें।

उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठाने पर अफसरों पर भड़के ऊर्जा मंत्री 

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भिण्ड, मुरैना, श्योपुर तथा विजयपुर के विभागीय अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं के फोन न उठाने की शिकायतों पर कड़ी नाराज़गी व्यक करते हुए कहा कि जो अधिकारी धूर्तता की वजह से उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठाते हैं, वह समझ लें कि उनकी वजह से ऊर्जा विभाग की छवि ख़राब हुई तो ऐसे अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे।

जहाँ शत प्रतिशत वसूली, वहां ट्रिपिंग नहीं होनी चाहिए

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पिछले 10 दिनों में ट्रिपिंग की घटनाओं में वृद्धि हुई है, इस व्यवस्था में तुरन्त सुधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन पॉश कालोनियों से शत प्रतिशत राजस्व वसूली होती है, वहां ट्रिपिंग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सर्वाधिक ट्रिपिंग वाले जिलों के विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी कि समय रहते अपने-अपने इलाके की विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें। ऊर्जा मंत्री ने 47 डिग्री तापमान में कार्य करने वाले विद्युत् कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

अघोषित कटौती मनाने से इंकार, बताया ट्रिपिंग 

बैठक में अधिकारियों  ने अपने अपने तर्क रखे और जनता द्वारा झेली जा रही अघोषित कटौती जैसे विषय को ट्रिपिंग में दबा दिया, ऊर्जा मंत्री भी अपने अधिकारियों की बातों से कनवेंस हो गए, जब मीडिया ने उनसे अघोषित कटौती पर सवाल किया और कहा कि इस भीषण गर्मी में लोग कई कई घंटे बिजली जाने से परेशान हैं तो मंत्री जी ने अजीब सा उदाहरण देते हुए इसे कटौती स्वीकार करने से इंकार करते हुए इसे ट्रिपिंग कहा।

इस बार अधिकारियों के साथ दिखाई दिए ऊर्जा मंत्री 

हर बार जनता के लिए खड़े रहने वाले ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर इस बार अधिकारियों के साथ खड़े दिखाई दिए, उन्होंने कहा कि आप भी तो अपने मोटरसाइकिल  की सर्विस कराते हैं तो वहां आपको दो तीन घंटे लगते हैं ऐसे ही जिन ट्रांसफार्मर्स की सर्विस होती है, वहां भी समय लगता है, कटौती कहीं नहीं है सप्लाई में अवरोध हो जाता है।

ऊर्जा मंत्री का तर्क ट्रांसफार्मर्स ओवर लोड हो रहे इसलिए बढ़ रही ट्रिपिंग  

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मर्स का लोड भी बढ़ रहा है जिस ट्रांसफार्मर की क्षमता 100 MVA है उसपर 150, 200 MVA लोड पड़ रहा है तो वो ट्रिप हो जाता है और उसे फिर से रनिंग में आने में थोड़ा समय लगता है, उन्होंने दावा किया कि बिजली की कटौती बिलकुल नहीं हैं, हमारे पास बिजली की कोई कमी नहीं हैं, विभाग भी मध्य प्रदेश की जनता को निर्बाध बिजली देने के लिए जुटा हुआ है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट          

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews