
Lok Sabha Election 2024 : ग्वालियर जिले में लोकसभा चुनाव में उपयोग होने वाली ईवीएम के लिए एमएलबी कॉलेज में विधानसभा क्षेत्रवार स्ट्रांग रूम बनकर तैयार हो गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को एमएलबी कॉलेज पहुँचकर सभी स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। साथ ही जिन ईवीएम का मतदान में उपयोग नहीं होगा, उनके लिए अलग से बनाए गए स्ट्रांग रूम भी देखे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी स्ट्रांग रूम पर नजर रखने के लिये लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरे और उनमें हो रही रिकॉर्डिंग भी देखी। साथ ही प्रत्येक स्ट्रांग रूम में मतदान केन्द्रवार कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट व वीवीपैट रखने के लिये की गई नम्बरिंग भी देखी। उन्होंने इस अवसर पर निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन कर सभी प्रकार की व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाएँ।

ऐसे की गई स्ट्रांग रूम की व्यवस्था
एमएलबी कॉलेज के मुख्य भवन में भूतल पर विधानसभा क्षेत्र भितरवार व डबरा के स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। मुख्य भवन के प्रथम तल पर विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व व ग्वालियर दक्षिण की ईवीएम के लिए स्ट्रांग रूम स्थापित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं एआरओ डबरा विधानसभा क्षेत्र दिव्यांशु चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन तथा विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण के एआरओ सूर्यकांत त्रिपाठी, एआरओ ग्वालियर अतुल सिंह, एआरओ ग्वालियर पूर्व विनोद सिंह, एआरओ ग्वालियर दक्षिण नरेन्द्र बाबू यादव एवं एआरओ भितरवार डी एन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

8 अप्रैल को एमएलबी के स्ट्रांग रूम में होगी ईवीएम की शिफ्टिंग
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम स्ट्रांग रूम से 8 अप्रैल को एमएलबी कॉलेज के स्ट्रांग रूम में ईवीएम शिफ्ट करने का काम होगा। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट के स्ट्रांग रूम खोलकर एमएलबी कॉलेज के स्ट्रांग रूम में ईवीएम शिफ्ट की जायेंगीं। कलेक्ट्रेट के स्ट्रांग रूम मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोले जायेंगे। इसके बाद विशेष वाहनों से विधानसभा क्षेत्रवार एमएलबी कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम शिफ्ट की जायेंगीं। ईवीएम शिफ्ट करने के बाद राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम विधिवत बंद किए जायेंगे।
लेखक के बारे में
Atul Saxena
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ....
पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →

