Jabalpur News : टीवी एंकर्स के बहिष्कार के फैसले पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का विपक्ष पर हमला, कही बड़ी बात

Jabalpur News : टीवी एंकर्स के बहिष्कार के फैसले पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का विपक्ष पर हमला, कही बड़ी बात

Jabalpur News : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मोड में आ चुके नेता एक दूसरे पर जुबानी हमला तेज कर चुके हैं। जबलपुर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. द्वारा की गई टीवी एंकर्स के बहिष्कार की तुलना आपातकाल से की है, उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने कर्मों पर ध्यान दे तो अच्छा है, उन्होंने भाजपा में टिकट के दावेदारों की भीड़ को अच्छा बताया। तोमर ने कहा कि ज्यादा प्रत्याशी और सक्षम प्रत्याशी होना किसी भी पार्टी के लिए अच्छा संकेत है, इसलिए टिकट मांगने वालों की संख्या ज्यादा होती है।

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा पर तोमर ने कसा तंज 

केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर छिंदवाड़ा जाने से पहले जबलपुर पहुंचे उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा को पार्टी का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम बताते हुए कहा कि भाजपा 5 साल तक विकास के काम करती है इसलिए जनता से आशीर्वाद लेने निकलती है क्योंकि लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन होती है, वहीं जन आशीर्वाद यात्रा के विरोध में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि ईश्वर भाजपा को जनता से आशीर्वाद लेने का अधिकार हमेशा प्रदान करता रहे और विपक्ष को हमेशा आक्रोश यात्रा निकालने का आशीर्वाद देता रहे।

तोमर बोले – टिकट के ज्यादा दावेदार पार्टी के लिए अच्छा संकेत 

नरेंद्र तोमर ने टिकट के दावेदारों की भीड़ की स्थिति बनने पर कहा कि ज्यादा प्रत्याशी और सक्षम प्रत्याशी होना किसी भी पार्टी के लिए अच्छे संकेत होते हैं , भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, बूथ से लेकर राज्य तक कार्यकर्ता हैं कैडर है, इसलिए टिकट मांगने वालों की संख्या भी ज्यादा है, हालांकि नरेंद्र सिंह तोमर ने साफ किया कि टिकट वितरण के बाद बनने वाले हालातों से निपटने के लिए आपस में बैठकर बातचीत कर सुलझाने का काम किया जाएगा,  बीजेपी की दूसरी लिस्ट न आने पर बोलते हुए कहा कि इंतजार करते रहना चाहिए,क्योंकि उसका अपना आनंद होता है।

टीवी एंकर्स का बहिष्कार आपातकाल वाली मानसिकता 

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने न्यूज चैनलों के एंकरों के बायकॉट पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की मानसिकता आपातकाल की मानसिकता से ओतप्रोत है, क्योंकि जनता ने विपक्ष को सरकार से बाहर धकेला है, लेकिन अपने कर्मो का दोष दूसरों पर मढ़ने का काम कर रहा है।

[dgv_vimeo_video id=”864719948″]

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews