एमपी के महू में हुआ बड़ा हादसा, छत गिरने से 5 मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने की 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

गुरुवार रात चोरल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। जिसमें 5 मजदूरों की जान चली गई। दरअसल यह घटना एक निर्माणाधीन फार्म हाउस की छत गिरने से हुई।
एमपी के महू में हुआ बड़ा हादसा, छत गिरने से 5 मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने की 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

इंदौर के पास महू के चोरल गांव में गुरुवार रात एक दुखद घटना घटी। दरअसल एक निर्माणाधीन फार्म हाउस की छत गिरने से 5 मजदूरों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा तब हुआ, जब मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद उसी इमारत में आराम कर रहे थे। वहीं इस घटना का पता शुक्रवार सुबह चला, जब ग्रामीणों ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर सिमरोल पुलिस को इसकी सूचना दी।

दरअसल घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार इस कार्य में 3 जेसीबी और 1 पोकलेन मशीन का इस्तेमाल किया गया है।

पांचों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए

करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद मलबे में दबे पांचों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। वहीं जानकारी में सामने आया है कि इस हादसे के बाद से फार्म हाउस का मालिक लापता है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

वहीं महू एसपी हीतिका वासल ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांच मजदूरों में से दो इंदौर से, दो शाजापुर से, और एक राजस्थान से थे। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:

पवन (35) पिता भंवरलाल पांचाल, निवासी बांसवाड़ा, राजस्थान
हरिओम (22) पिता रमेश मालवी, निवासी गांव उन्मोद, शाजापुर
अजय (20) पिता रमेश मालवी, निवासी गांव उन्मोद, शाजापुर
गोपाल (45) पिता बाबू लाल प्रजापति, निवासी छोटा बांगड़दा, इंदौर
राजा (22) पिता शेर सिंह, निवासी इंदौर

घटना के बाद मृतकों के परिवारजनों में शोक की लहर है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार घटना के बाद से फार्म हाउस का मालिक फरार है, इस बारे में पटवारी प्रकाश सोनी ने जानकारी दी है। बताया गया है कि फार्म हाउस का मालिक इंदौर का निवासी है, जिसका नाम ममता पति कन्हैया लाल और अनाया पति भरत डेमला के रूप में दर्ज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छत को लोहे के एंगल्स पर खड़ा किया गया था, जो वजन नहीं सह पाए और इसके कारण छत गिर गई।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews