मतगणना वाले दिन शहर में 600 कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी, 2 चरणों में होगा प्रशिक्षण, निर्देश जारी

mp election 2023

MP Election : मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद अब 3 दिसंबर के दिन मतों की गणना की जाने वाली है। इसको लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। हाल ही में जानकारी सामने आई है कि इंदौर के 9 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना वाले दिन 600 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाने वाली है। ये सभी कर्मचारी मतों की गणना का कार्य करेंगे। इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य में नियुक्त अधिकारी और कर्मचारियों को दो चरणों में प्रशिक्षित किया जाएगा। पहला चरण आज यानी 27 नवंबर के दिन होने वाला है।

इंदौर कलेक्टर ने जारी किए निर्देश

इसको लेकर इंदौर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अपने निर्देश में कहा है कि मतगणना दलों में नियुक्त सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के निर्धारित समय पर पहुंचें और पूर्ण गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम होलकर साइंस कॉलेज में आयोजित होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया है। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। इसके पश्चात दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक और माइक्रो आब्जर्वर को प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही पोस्टल बैलेट की गिनती में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मतों की गणना के लिए व्यावहारिक और सैद्धांतिक दोनों रूप से प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों को मतों की गणना के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों, नियम और अधिनियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

इंदौर से मंगल राजपूत की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews