MP News: कमलनाथ का आरोप ‘शिवराज सरकार ने छीना नौजवानों का भविष्य’, नर्सिंग घोटाले को लेकर उठाए सवाल

kamalnath

MP News: मध्य प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सभी पार्टियों को जमीनी स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश करते हुए देखा जा रहा है। वहीं इसी बीच नेताओं का एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर भी लगातार जारी है। अब एक बार फिर कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश के नौजवानों का वर्तमान और भविष्य दोनों छीन लिया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए नर्सिंग घोटाला मामले को लेकर कई सवाल भी खड़े किए हैं।

कमलनाथ के आरोप

कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि “शिवराज सरकार ने नर्सिंग कॉलेज में मान्यता देने से लेकर फैकल्टी नियुक्त करने तथा एडमिशन और डिग्री देने के काम में उच्च स्तर पर भ्रष्टाचार किया और अब छात्र न्याय की मांग कर रहे हैं तो उन पर अत्याचार किया जा रहा है।”

“कल जबलपुर में जब प्रदेश भर के नर्सिंग कॉलेज के छात्र प्रदर्शन कर रहे थे तो अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन पर उतरे इन छात्रों पर वाटर कैनन का उपयोग कर शिवराज सरकार ने अपनी तानाशाही को सबके सामने उजागर कर दिया है।”

आगे कमलनाथ ने कहा कि “शिवराज जी से यह पूछना चाहता हूं कि सजा अपराधी को मिलनी चाहिए या फिर फरियादी को? असली अपराधी आप हैं, जिन्होंने छात्रों पर वाटर कैनन चलवाई है, वह तो पीड़ित हैं। आपने फर्जी कॉलेज को मान्यता दे दी जिसके बाद नर्सिंग घोटाला हुआ। 3 साल से परीक्षा नहीं हुई है, जिससे छात्र परेशान हैं और अपने भविष्य को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के छात्र आपसे यह पूछना चाहते हैं कि आपको इस अपराध के लिए क्या दंड दिया जाना चाहिए। वो ये जानना चाहते हैं कि –

  • नर्सिंग घोटाले के सूत्रधार आप नहीं तो फिर कौन है?
  • सूत्रधार आप नहीं हैं तो आज तक संबंधित विभाग के मंत्री से इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया?
  • आप सूत्रधार नहीं हैं तो किस तरह से 100 से ज्यादा नर्सिंग कॉलेज को गलत तरीके से मान्यता दे दी गई?
  • हाई कोर्ट का सख्त फैसला आने के बावजूद भी आज तक कोई बड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की गई है?
  • नर्सिंग घोटाले में आपके भ्रष्टाचार का रेट कार्ड क्या था?

शिवराज जी इतना याद रखिए कि इन छात्रों के साथ जो अन्याय और भ्रष्टाचार हुआ है, उसका हिसाब जल्द ही मध्य प्रदेश की जनता करेगी।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भी लगाए आरोप

कमलनाथ द्वारा ट्वीट कर शिवराज सरकार पर लगाए गए आरोप और उठाए गए सवालों का समर्थन जबलपुर के कांग्रेस प्रवक्ता रोहित यादव ने भी किया है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर किए गए वाटर कैनन के इस्तेमाल को गलत बताते हुए पुलिस द्वारा बर्बरता किए जाने की बात कही है। यादव ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि “शिवराज जी आपको शर्म आनी चाहिए। एक तरफ तो आप खुद को प्रदेश के छात्र-छात्राओं का मामा बोलते हैं और दूसरी तरफ कंस बनकर उन्हीं पर अत्याचार करवाते हैं। आपको कमीशनखोरी की इतनी ज्यादा आदत हो गई है कि आप उसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। पहले तो आपने ऐसे कॉलेजों को मान्यता दी, जो स्तरहीन थे और अब आप छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में धकेल रहे हैं।”

[dgv_vimeo_video id=”866628259″]

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews