भोपाल। मध्य प्रदेश में नई शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट है। स्कूल शिक्षा विभाग जुलाई 2027 तक खाली होने वाले पदों का हिसाब लगा रहा है और नई भर्तियों के लिए जल्द विज्ञापन जारी करने की तैयारी है। फिलहाल उच्च माध्यमिक, माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक मिलाकर 18,088 रिक्तियों की जानकारी सामने आई है। इनमें 10,050 नए और 8,038 बैकलॉग पद हैं।
इसके साथ ही वर्ग-1, वर्ग-2 और वर्ग-3 की मौजूदा भर्तियों में पद बढ़ाने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को भी विभाग ने जवाब दिया है। साफ किया गया है कि परीक्षा परिणाम आने के बाद उसी भर्ती में पदों की संख्या नहीं बढ़ाई जा सकती। जो नए पद खाली होंगे, उन्हें अगली भर्ती में शामिल किया जाएगा।
किस वर्ग में कितने पद?
विभाग के मुताबिक उच्च माध्यमिक शिक्षक के 4,769 पदों में 1,530 नए और 3,219 बैकलॉग के हैं। माध्यमिक शिक्षक के 5,504 पदों में 3,000 नए और 2,504 बैकलॉग, जबकि प्राथमिक शिक्षक के 7,815 पदों में 5,500 नए और 2,315 बैकलॉग पद हैं।
इनके अलावा OBC के 13 प्रतिशत से जुड़े कुल 3,990 पद होल्ड पर हैं। विभाग अभी जुलाई 2027 तक की रिक्तियों की गणना कर रहा है, इसलिए नई भर्ती के विज्ञापन में वास्तव में कितने पद आएंगे, इसकी अंतिम संख्या अभी तय नहीं हुई है।
वर्ग-3 की वेटिंग से 575 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की तैयारी
मौजूदा प्राथमिक शिक्षक भर्ती में भी आगे की प्रक्रिया जारी है। 10,150 विज्ञापित पदों में 7,962 अभ्यर्थियों की चयन सूची मिली थी और इनमें से 6,922 के नियुक्ति आदेश जारी हो चुके हैं।
बाकी मामलों में दस्तावेज और दिव्यांग अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद वेटिंग लिस्ट से 575 अभ्यर्थियों की कैटेगरी के अनुसार नियुक्ति की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षक भर्ती में भी 4,005 चयनित अभ्यर्थियों में से 3,699 को नियुक्ति मिल चुकी है। 306 अभ्यर्थियों के अपात्र होने के बाद अब उनकी जगह वेटिंग लिस्ट से नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।
वर्ग-1 की वेटिंग को अभी करना होगा इंतजार
उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 की 456 अभ्यर्थियों की वेटिंग लिस्ट का मामला फिलहाल आगे नहीं बढ़ रहा है। इससे जुड़े प्रकरण सुप्रीम कोर्ट में हैं। इनमें एक मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर 2026 को तय है।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि SC-ST के लिए आरक्षित ऐसे पद, जिन पर संबंधित वर्ग के अभ्यर्थी नहीं मिले, उन्हें सामान्य या OBC अभ्यर्थियों से नहीं भरा जा सकता। इन्हें बैकलॉग के रूप में अगली भर्ती में फिर शामिल किया जाएगा।
परीक्षा परिणाम आने के बाद विज्ञापित पदों की संख्या में नहीं किया जा सकता परिवर्तन
72 हजार खाली पद देखकर न लगाएं सीधी भर्ती का हिसाब
स्कूल शिक्षा विभाग में कुल 72,901 पद खाली बताए गए हैं, लेकिन इन सभी पदों पर नई भर्ती नहीं होगी। इनमें 59,073 पद ऐसे हैं, जिन्हें पदोन्नति के जरिए भरा जाना है। सीधी भर्ती वाले रिक्त पद 13,828 बताए गए हैं।
इसलिए नई भर्ती के लिहाज से फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण आंकड़ा 18,088 रिक्तियों का है। इनमें 10,050 नए और 8,038 बैकलॉग पद हैं। अब नजर नई भर्ती के विज्ञापन पर है, जिसके लिए विभाग जुलाई 2027 तक की रिक्तियों का आकलन कर रहा है।






