मध्य प्रदेश मौसम: बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, आज 15 जिलों में कोहरा, 4 में कोल्ड डे, जानें IMD का ताजा पूर्वानुमान

MP Weather Forecast: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में फिर ठंड बढ़ने लगी है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग कोहरे और ठंड से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
up Weather :

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते मध्य प्रदेश में ठंड का असर फिर तेज होने लगा है। खास करके ग्वालियर, चंबल व सागर संभाग में ठिठुरन बढ़ने लगी है। शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया। खजुराहो (छतरपुर), दतिया, शिवपुरी जिलों में कोल्ड वेव का असर रहा। इसके साथ ही टीकमगढ़, श्योपुर, खजुराहो (छतरपुर), नोगांव (छतरपुर), पृथ्वीपुर (निवाड़ी), दतिया और ग्वालियर जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रही।

ग्वालियर, खजुराहो (छतरपुर) और दतिया जिलों में घना कोहरा छाया रहा। शनिवार सुबह भी ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे के चलते सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी बनी हुई है। दिल्ली से मध्य प्रदेश आने-जाने वाली मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जनशताब्दी और सचखंड एक्सप्रेस निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, शनिवार (10 जनवरी 2026) को दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।

कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

  • दतिया में 3.9 डिग्री, शिवपुरी 4 डिग्री, राजगढ़/ग्वालियर 5 डिग्री और पचमढ़ी (नर्मदापुरम) 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • पचमढ़ी, मंडला, रीवा, उमरिया, सीधी और टीकमगढ़ में भी पारा 7 डिग्री से नीचे बना रहा।
  • ग्वालियर में 5 डिग्री, भोपाल में 8 डिग्री, इंदौर में 9.4 डिग्री, उज्जैन में 8.3 डिग्री और जबलपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
  • सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री खंडवा में दर्ज हुआ।

पढ़िए मध्य प्रदेश मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), भोपाल की ताजा दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर पाकिस्तान व निकटवर्ती पंजाब क्षेत्र के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके साथ ही पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर उत्तर में अवस्थित है। हरियाणा के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 241 किमी/घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। इसके असर से दो-तीन दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

मध्य प्रदेश के इन स्कूलों में अवकाश घोषित

सतना जिले में संचालित प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के स्कूल 10 जनवरी 2026 को बंद रहेंगे। यह अवकाश समस्त शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, आईसीएसई, सीबीएसई एवं अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा। झाबुआ में कक्षा 3 तक के स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है। रीवा, श्योपुर, शिवपुरी, भिंड और मुरैना में कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल आज बंद रहेंगे। ग्वालियर में भी कक्षा 5वीं के स्कूल शनिवार को अवकाश रहेगा। 11 जनवरी 2026 को रविवार है, ऐसे में सभी स्कूल बंद रहेंगे।

MP Weather Forecast Report

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews