मध्य प्रदेश में पारा 1.7 डिग्री, घने कोहरे से यातायात प्रभावित, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम, जानें IMD अपडेट

MP Weather Forecast: . ठंड का ज्यादा असर जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में देखने को मिल रहा है। जेट स्ट्रीम के कारण तापमान गिरेगा और नए साल का जश्न भी कड़ाके की ठंड के बीच मनाया जाएगा।
mp Weather

मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम जारी है। सुबह के समय घने कोहरे व सर्द हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। खास करके पूर्वी हिस्से यानि जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में ठंड व कोहरे का ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को करीब 22 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक दर्ज सबसे कम न्यूनतम तापमान है। हालांकि सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री नर्मदापुरम में रहा।

घने कोहरे के चलते सड़क व रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। सुबह व रात के समय सड़कों पर वाहनों की चाल धीमी बनी हुई है। मध्य प्रदेश-दिल्ली के बीच आने-जानी वाली मालवा एक्सप्रेस, शताब्दी, सचखंड और कर्नाटक एक्सप्रेस समेत 10 से अधिक ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार-गुरुवार (31 Dec-1 Jan) को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।

जेट स्ट्रीम हवाओं का असर 

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी ऊँचाई पर उत्तर में अवस्थित है। दिल्ली क्षेत्र के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊँचाई पर 259 किमी / घंटे की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। आगामी 3-4 दिन तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान ग्वालियर, दतिया, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़ आदि जिलों में घने कोहरे और भोपाल-इंदौर में कहीं-कहीं शीतलहर की स्थिति बन सकती है।

इन जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

  • मंगलवार को नौगांव (छतरपुर) में 3 डिग्री, उमरिया में 3.1, खजुराहों में 4.4,राजगढ़ में 4.6, पचमढ़ी में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।
  • मंडला-रीवा में 5, सतना में 5.2, दतिया में 5.7 , भोपाल में 5.6, इंदौर-ग्वालियर में 6.6 और उज्जैन में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
  • दतिया-खजुराहो में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच दर्ज की गई।
  • सतना, नौगांव, रीवा, सीधी, मंडला और खरगोन में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

स्कूल बंद, 5 जनवरी से खुलेंगे

कड़ाके की सर्दी और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश के शिक्षा विभाग ने 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। इस दौरान प्रदेश में नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी शासकीय और निजी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश मान्यता प्राप्त और सभी बोर्ड्स पर भी लागू रहेगा।

MP Weather Forecast Report

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews