घने कोहरे-शीतलहर की चपेट में मध्य प्रदेश, स्कूलों में अवकाश घोषित, जानें कब मिलेगी ठंड से राहत?

MP Weather Forecast: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शीतलहर और घने कोहरे के चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है।
up Weather :

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का डबल अटैक जारी है। बीती रात करीब 20 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कोहरे के चलते लगातार सड़क व रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है, जिससे आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली से मध्यप्रदेश आने-जाने वाली मालवा, सचखंड और शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से 2 से 3 घंटे की देरी से चल रही हैं। छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए कई जिलों के स्कूलों में 6-7 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है।

पढ़ें मध्य प्रदेश मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल (IMD) के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान एवं निकटवर्ती क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर अवस्थित है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम हवाएं 240 किमी प्रति घंटा की गति से बह रही हैं। इसके असर से अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में कोहरा और कोल्ड वेव का असर बना रह सकता है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी रहेगी।

इन जिलों में घना कोहरा और कोल्ड वेव का असर

  • सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री छिंदवाड़ा में दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस शहडोल जिले के कल्याणपुर में दर्ज हुआ।
  • दतिया में पारा 4.4 डिग्री, राजगढ़ व खजुराहो में 5.4 डिग्री, मुरैना व मलाजखंड में 5.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री,
  • ग्वालियर में 6.4 डिग्री, इंदौर में 8.6 डिग्री, उज्जैन में 9.5 डिग्री और जबलपुर में 9 डिग्री रहा।
  • शहडोल जिले में कोल्ड वेव चली।
  • भोपाल, सीहोर, खंडवा, रतलाम, उज्जैन, टीकमगढ़, दतिया, राजगढ़ और विदिशा जिलों में कोल्ड डे रहा।
  • ग्वालियर, जबलपुर, छतरपुर (खजुराहो),भोपाल और इंदौर जिलों में घना कोहरा छाया रहा।
  • दमोह, सागर, गुना, नर्मदापुरम, रायसेन और छतरपुर (नौगाँव) जिलों में मध्यम कोहरा दर्ज हुआ।

एमपी के इन जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित

उज्जैन, मंदसौर, शाजापुर, विदिशा, ग्वालियर, देवास, रायसेन, आगर मालवा, दमोह, टीकमगढ़, गुना, नीमच ,रतलाम, जबलपुर और मंडला में स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 6 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। इंदौर, छतरपुर, हरदा और रायसेन जिलों में 7 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। यह छुट्टी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू रहेगी।

MP Weather Forecast Report

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews