मध्य प्रदेश: घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट, पारा 10 डिग्री से नीचे, 19 जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित, पढ़े IMD का नया अपडेट

MP Weather Forecast: इन दिनों पूरा मध्य प्रदेश घने कोहरे की चपेट में है। तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। छात्रों की सेहत को देखते हुए 1 दर्जन से ज्यादा स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
mp Weather

पश्चिमी विक्षोभ व जेट स्ट्रीम हवाओं के चलते मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। घने कोहरे के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को राजधानी भोपाल में सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया, जहां दृश्यता 20 मीटर से भी कम रही। ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड अंचल में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिला। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। मध्य प्रदेश आने-जाने वाली मालवा, सचखंड और शताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित समय से देरी से पहुंची।

3-4 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल (IMD) के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर स्थित है। औसत समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 150 नॉट की कोर पवन गति वाला पश्चिमी जेट प्रवाह उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय है। इसके असर के चलते फिलहाल तीन-चार दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहने का अनुमान है। सोमवार को राजगढ़, दतिया, छतरपुर और उमरिया में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

ग्वालियर-जबलपुर में घना कोहरा, शीतलहर भी चली

  • प्रदेश में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री खंडवा में दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज हुआ।
  • बीती रात दतिया 5.1, मंदसौर, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) 6.4, शिवपुरी 7.0 और पृथ्वीपुर (निवाड़ी) और रतलाम 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • ग्वालियर में 6.4 ,भोपाल में 10.8, इंदौर में 11.8, उज्जैन में 11.4 और जबलपुर में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • उमरिया, दतिया और पृथ्वीपुर (निवाड़ी), गिरवर (शाजापुर) में कोल्ड डे रहा।
  • ग्वालियर-जबलपुर में अति घना कोहरा, भोपाल-इंदौर और उज्जैन में घना कोहरा, नर्मदापुरम-रतलाम व खजुराहो जिलो में मध्यम कोहरा छाया रहा।
  • ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, उमरिया और राजगढ़ में शीतलहर चली।
  • सोमवार सुबह भोपाल , इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, रायसेन, विदिशा, सागर, दमोह, ग्वालियर, मुरैना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और कटनी में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।

एमपी के इन जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित

इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, शाजापुर, विदिशा, ग्वालियर, अशोकनगर, रायसेन, आगर मालवा, दमोह, टीकमगढ़, हरदा, गुना, नीमच ,रतलाम, राजगढ़, जबलपुर और मंडला में स्कूलों में आज 5 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। इसमें अशोकनगर, हरदा और राजगढ़ को छोड़कर सभी जिलों में 6 जनवरी को भी अवकाश रहेगा। इंदौर में 7 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। यह छुट्टी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू रहेगी। वहीं भोपाल के स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। भोपाल जिले में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल सुबह 9:30 बजे के बाद संचालित होंगे।

MP Weather Forecast Report

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews