मध्यप्रदेश मौसम : कई जिलों में घना कोहरा, पारा 4 डिग्री से नीचे, 4 जनवरी तक स्कूलों में विंटर वेकेशन, पढ़े IMD अपडेट

MP Weather Forecast : दक्षिण राजस्थान की ओर से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रहीं हैं, जिससे प्रदेश में ठंड का असर बना हुआ है। आगामी चार दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
up weather

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का कहर जारी है। सोमवार को करीब 25 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल जिले के कल्याणपुर में तो पारा 3.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। मध्य प्रदेश-दिल्ली के बीच आने-जानी वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित रही।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, भोपाल, इंदौर, सीहोर, राजगढ़ में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। मंगलवार को जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सीधी, टीकमगढ़, शहडोल और गंजबासौदा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।

जेट स्ट्रीम की रफ्तार 287 Kmph

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिण राजस्थान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊँचाई पर 287 किमी / घंटे की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं भी बह रही हैं, जिसके प्रभाव से प्रदेश में दिन और रात ठंड का असर बना हुआ है और तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाओं के चलते आगामी चार दिनों में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान ग्वालियर, दतिया, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़ आदि जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि भोपाल-इंदौर में कहीं कहीं शीतलहर की भी स्थिति बन सकती है।

सोमवार को कहां कैसा रहा मौसम

  • भोपाल, राजगढ़, इंदौर और शहडोल में शीतलहर दर्ज की गई है।
  • ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, भोपाल, शाजापुर, रायसेन और विदिशा में घना कोहरा छाया रहा और सुबह  दृश्यता बेहद कम रही।
  • दतिया और दमोह में दृश्यता घटकर 50 मीटर और ग्वालियर में 200 मीटर तक रह गई।
  • भोपाल में 5.6 डिग्री, इंदौर में 6.4, ग्वालियर में 9, जबलपुर में 8 और उज्जैन में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
  • इंदौर, छिंदवाड़ा और उज्जैन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हुआ।
  • पचमढ़ी, मलाजखंड, मंडला, खजुराहो, रायसेन, दमोह, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, दतिया, गुना, बैतूल, सागर, सीधी और सतना में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।
  • कल्याणपुर के बाद राजगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

4 जनवरी तक स्कूल बंद

कड़ाके की सर्दी और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन ने 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। इस दौरान नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी शासकीय और निजी स्कूल बंद रहेंगे।

MP WEATHER FORECAST REPORT

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews