अशोकनगर में नाले में पड़ी मिली नवजात, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती

Ashoknagar

अशोकनगर, डेस्क रिपोर्ट। अशोकनगर (Ashoknagar) के चंदेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हंसारी गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर दो मकानों के बीच बने हुए नाले से एक नवजात बच्ची को बरामद किया गया है। सुबह 4 बजे जब बच्चे की रोने की आवाज आई उसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और नवजात को निकाला।

जानकारी के मुताबिक सुबह-सुबह बच्चे के रोने की आवाज आने के बाद गांव के लोग इकट्ठा हुए और उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच को इस बात की सूचना दी। जानकारी लगते ही सरपंच ने स्वास्थ्य विभाग से आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को मौके पर बुलाकर गांव में गर्भवती औरतों के बारे में जानकारी देने को कहा। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह किसकी बच्ची है।

Must Read : प्रदेश सरकार का अनूठा कदम, अब स्कूल के बच्चों को पुरुष टीचर पढ़ाएंगे महिला सम्मान का पाठ

मामले के बारे में सरपंच ने चंदेरी थाना पुलिस और तहसीलदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देखा कि बच्ची नाले में पड़ी हुई है। बच्ची को बाहर निकाल कर उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। चंदेरी अस्पताल में चिकित्सकों ने नवजात बच्ची का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे एनबीएसयू में शिफ्ट किया जहां पर उसका इलाज जारी है।

मामले की सूचना लगते ही बच्ची के बारे में जानने के लिए लोग इधर-उधर दौड़ते भागते दिखाई दिए। मीडिया को मामले की जानकारी देते हुए मेडिकल ऑफिसर डॉ एम एल खरगा ने बताया कि नवजात बच्ची जमीन पर पड़ी हुई थी जिसकी वजह से उसका शरीर ठंडा पड़ गया था। बच्ची का इलाज किया जा रहा है उसके पैर और हाथ पर मामूली खरोच आई है और वो पूरी तरीके से स्वस्थ्य है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews