अब इंदौर एयरपोर्ट से नहीं मिलेगी सूरत के लिए सीधी फ्लाइट, एयरलाइंस ने बंद करने का लिया निर्णय

इंदौर के होल्कर बाई एयरपोर्ट से अब सूरत के लिए सीधी फ्लाइट नहीं मिल सकेगी। दरअसल इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित होने वाली इस फ्लाइट को अब बंद किया जा रहा है।
अब इंदौर एयरपोर्ट से नहीं मिलेगी सूरत के लिए सीधी फ्लाइट, एयरलाइंस ने बंद करने का लिया निर्णय

पहले इंदौर-काशी फ्लाइट को बंद कर दिया गया था वहीं इसके बाद अब इंदौर से सूरत की सीधी फ्लाइट भी 26 अक्टूबर से बंद हो रही है। दरअसल इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित इस उड़ान के रद्द हो जाने से अब यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर निर्भर होना पड़ेगा। इस वजह से उनका खर्चा और यात्रा का समय अब दोनों बढ़ जाएगा। इस फ्लाइट का किराया अब तक करीब 2916 रुपये था, लेकिन सीधी उड़ान बंद होने के बाद यह किराया 10,000 रुपये तक पहुंच सकता है।

दरअसल इंदौर एयरपोर्ट से विंटर शेड्यूल के कारण कई उड़ानें बंद हो रही हैं और अब सूरत की फ्लाइट भी इस सूची में शामिल हो गई है। ऐसे में यात्रियों पर इसका असर देखने को मिल सकता है। हाल ही में इंदौर एयरपोर्ट राज्य में सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में पहले स्थान पर आ गया है।

व्यापारियों पर पड़ सकता है इसका बड़ा असर

दरअसल सूरत के लिए इंदौर से सीधी फ्लाइट विशेष रूप से व्यापारियों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती थी, खासकर हीरा और कपड़ा उद्योग से जुड़े लोगों के लिए यह फ्लाइट बहुत उपयोगी थी। जानकारी के अनुसार व्यापारिक मांग को ध्यान में रखते हुए यह उड़ान पिछले साल शुरू की गई थी। हालांकि, पहले ही राजकोट की फ्लाइट को बंद किया जा चुका था और अब सूरत की उड़ान भी बंद होने जा रही है। ऐसे में व्यापारियों को अब अन्य शहरों के जरिए यात्रा करनी होगी, जिससे उनके समय और धन की खपत बढ़ सकती है।

इंडिगो ने बताई इसके पीछे की वजह

वहीं फ्लाइट बंद होने के पीछे की वजह इंडिगो के अधिकारियों द्वारा बताई गई है। उन्होंने बताया है कि यात्रियों की कम संख्या और फ्लाइट से हो रहे घाटे के कारण यह निर्णय एयरलाइन्स द्वारा लिया गया है। जानकारी के मुताबिक फ्लाइट इंदौर से दोपहर 1 बजे उड़ान भरकर सूरत 2:15 बजे पहुंचती थी, जबकि वापसी की उड़ान शाम 5:45 बजे सूरत से चलकर 7:05 बजे इंदौर रवाना होती थी। लेकिन, लगातार कम यात्रियों और आर्थिक नुकसान के चलते इसे बंद कर दिया गया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews