कार्तिकेय सिंह चौहान के मानहानि दावे के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे राहुल गांधी, पनामा पेपर लीक पर दिए बयान से जुड़ा है मामला

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में राहुल गांधी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। एक हफ्ते के बाद इस पर सुनवाई की जाएगी।
Rahul Gandhi

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी जल्द ही हाईकोर्ट में आमने सामने दिखाई देंगे। कार्तिकेय ने राहुल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इसे लेकर राहुल गांधी ने एमपी एमएलए कोर्ट के समन को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

इस मामले में जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की बेंच ने एक हफ्ते बाद का समय दिया है। ये पूरा मामला साल 2018 में राहुल गांधी द्वारा एक चुनावी सभा में दिए गए भाषण के दौरान कार्तिकेय सिंह चौहान पर लगाए गए आरोपों से जुड़ा हुआ है।

क्या है मामला

बता दें कि साल 2018 में जब राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। तब झाबुआ में हुई एक चुनावी सभा के दौरान उन्होंने पनामा पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम लिया था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान में नवाज शरीफ पर कार्रवाई की गई लेकिन मध्य प्रदेश में ऐसा नहीं हुआ। राहुल गांधी के इस बयान को कार्तिकेय सिंह चौहान ने अपनी छवि खराब करने वाला बताया और एमपी एमएलए कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया।

राहुल ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

मुकदमा दर्ज होने के बाद एमपी एमएलए कोर्ट की तरफ से राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी किया गया था। इसे रद्द करने के लिए उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। प्रारंभिक सुनवाई के बाद इस मामले को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। राहुल की तरफ से सीनियर एडवोकेट अजय गुप्ता पैरवी करने वाले हैं। उन्होंने यह कहा है कि राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना ही उन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला राजनीतिक गलियारे में क्या उथल पुथल मचाता है, ये बात हाईकोर्ट की सुनवाई और निर्णय पर निर्भर करती है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews