दीवाली पर गांव लौटते समय मजदूरों की ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, दो की मौत, CM मोहन यादव ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

MP: दीवाली का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव लौट रहे मजदूरों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब उनकी ट्रैक्टर-ट्राली बैतूल जिले के रानीपुर के पास खाई में पलट गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों को ₹50,000 की मदद देने की घोषणा की।
MP News

MP: बैतूल जिले के बैतूल-सारनी मार्ग पर रविवार सुबह गंभीर सड़क दुर्घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। बंजारी माई घाट के पास ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल है।

आपको बता दें, यह सभी मजदूर बैतूल के डुल्हारा और बाकुड गांव के निवासी हैं और कन्याकुमारी के अलघर में स्थित नमक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। इस घटना ने न केवल मजदूरों के परिवारों में मातम छोड़ दिया है, बल्कि पूरे इलाके में सुरक्षा के प्रति गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत का पता लगाया जा रहा है।

कैसे हुआ हादसा

दिवाली मनाने के लिए रविवार सुबह मजदूर त्रिकूल एक्सप्रेस से बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचे। वे सभी अपने गांव जाने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से सवार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, बैतूल सारनी मार्ग पर बंजारी माई के पास सुबह करीब 9:30 बजे अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे ट्राली पलट गई।

यह दुर्घटना तब हुई जब मजदूर अपनी छुट्टियों का आनंद लेने के लिए और परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे। इस हादसे ने ना केवल दिवाली के जश्न को मातम में बदल दिया। बल्कि उनके परिवारों में एक गहरी चिंता और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव X पर पोस्ट कर कही ये बात

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट X पर इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा यह घटना अत्यधिक दुखद और पीड़ादायी है। इस दुर्घटना में दो मजदूरों की मृत्यु एवं अन्य कुछ के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है। हताहत हुए लोगों की प्रति मेरी संवेदनाएं है। मैंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है, कि घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ की जाए।


उन्होंने आगे यह भी कहा कि राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतकों के परिवारजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं। डॉक्टर यादव ने इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बरतने का आग्रह किया है और कहा है कि हम सभी को पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews