Kaushal Kishore : केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर का बयान, कहा “नेहरू करते थे नशा–पीते थे सिगरेट”

kaushal kishore

Kaushal Kishore remarks on Nehru : केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री मंत्री कौशल किशोर का एक बयान इस वक्त जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह नशे को लेकर भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर और महात्मा गांधी के बेटे पर बयान देते हुए नजर आ रहे हैं।

क्या कहा कौशल किशोर ने?

दरअसल, कौशल किशोर राजस्थान के भरतपुर में नशा मुक्ति जागरण अभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे जहां उनकी पत्रकारों से बातचीत हुई। बातचीत के दौरान एक पत्रकार के सवाल पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरु जी नशा करते थे, सिगरेट पीते थे, इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के भी एक बेटे नशा करते थे अगर आप पढ़ेंगे तो आपको यह भी मिल जाएगा।

इस बयान के बाद कौशल किशोर ने मीडिया के माध्यम से और मीडिया से अपील करते हुए कहा कि “नशे ने देश में कब्जा कर लिया है, आप अपने माध्यम से नशे से होने वाले नुकसानो के बारे में वह चाहे आर्थिक हो, शारीरिक हो, या मानसिक हो लोगों को बताएंगे उनमें डर पैदा करेंगे तो निश्चित तौर पर जिस तरह देश में जहर की दुकानें देखने को नहीं मिलती है वैसे ही नशे की दुकानें भी बंद हो जाएंगी।

हालांकि यह कोई पहली बार नहीं जब नशे के ऊपर कौशल किशोर इतना खुलकर बोले हो। वे अक्सर इस मुद्दे को लेकर अपने सोशल मीडिया पर पोस्टिंग करते रहते हैं। अभी 2 दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बड़े ही मार्मिक संदेश के जरिए लोगों से नशा न करने की अपील की।

उन्होंने लिखा कि ” मैं खुद सांसद हुआ मेरी पत्नी विधायक होने के बाद भी मैं अपने बेटे की जिंदगी नशे से नही बचा पाया लेकिन मैं चाहता हूं कि अब कोई भी मां और पिता अपने बच्चे को नशे के कारण ना खो दे, नशे की वजह से कोई महिला विधवा न हो, कोई बच्चा नशे की वजह से बिन बाप का ना हो”।

इतना ही नहीं उन्होंने नशा मुक्ति को लेकर “नशामुक्त समाज आंदोलन अभियान कौशल का” की भी शुरुआत की है जिसके अंतर्गत वह देश में विभिन्न स्थानों पर जाकर अलग-अलग तरीकों से नशे के खिलाफ लोगों से ना केवल विस्तृत चर्चा करते हैं बल्कि उन्हें नशा न करने का संकल्प भी दिलाते हैं। किशोर ने वर्ष 2023 को नशा मुक्त वर्ष बनाने की रूपरेखा भी तैयार की है और इसको लेकर उनकी तैयारियां भी जारी है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews